By अंकित सिंह | Sep 27, 2024
तिरूपति लड्डू प्रसादम को लेकर विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इसको लेकर आंध्र प्रदेश की राजनीति भी गर्म है। इन सबके बीच आंध्र प्रदेश कांग्रेस प्रमुख वाईएस शर्मिला ने इस मामले को लेकर एक बार फिर से सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में अब धर्म आधारित राजनीति हो रही है। कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही सीबीआई जांच की मांग कर रही है और आज भी हम भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट से सीबीआई जांच का आदेश देने के लिए कह रहे हैं क्योंकि यह भारत के लोगों से जुड़ा मामला है।
आरोपों के कारण देश में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया और करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुईं। मुख्य सचिव नीरभ कुमार प्रसाद ने बृहस्पतिवार देर रात जारी आदेश में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश सरकार ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) की पवित्रता की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, पूरे मामले की विस्तृत और व्यापक जांच करने के लिए एक एसआईटी गठित करना आवश्यक समझा है।’’ टीटीडी तिरुपति में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर का आधिकारिक संरक्षक है। मुख्यमंत्री ने 22 सितंबर को घोषणा की थी कि लड्डू में मिलावट किए जाने के आरोपों की जांच एसआईटी करेगी। एसआईटी का नेतृत्व गुंटूर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी और अन्य पुलिस अधिकारी कर रहे हैं।