Prabhasakshi NewsRoom: JDU के बाद अब TMC ने उड़ाये Congress के होश, अंतिम सांसें गिन रहा INDI गठबंधन!

By नीरज कुमार दुबे | Jan 30, 2024

विपक्ष का इंडिया गठबंधन अब पूर्ण रूप से समाप्त होने की कगार पर पहुँच चुका है क्योंकि क्षेत्रीय दलों के साथ कांग्रेस के रुखे व्यवहार और कांग्रेस नेताओं की ओर से निर्णय लेने में देरी जैसे कारणों से सहयोगी दल बेहद परेशान हैं। क्षेत्रीय दलों की शिकायत है कि लोकसभा चुनाव सर पर हैं तब भी कांग्रेस गंभीर नहीं है। क्षेत्रीय दलों का कहना है कि भाजपा से लड़ने के लिए सब विपक्षी नेता एक मंच पर एकत्रित हुए थे लेकिन लगता है कि कांग्रेस हमसे ही लड़ रही है। क्षेत्रीय दलों का कहना है कि एक ओर भाजपा सभी संसदीय क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव कार्यालय खोलती जा रही है वहीं कांग्रेस सीट बंटवारे को ही अंतिम रूप नहीं दे पा रही है। इस समय की जो स्थिति है उसके मुताबिक, कांग्रेस के शिथिल रवैये को देखते हुए कई विपक्षी दल अब इंडिया गठबंधन छोड़ने के मूड़ में नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसी सप्ताह कुछ क्षेत्रीय दल बड़े ऐलान कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: ममता और नीतीश के बाद अब कांग्रेस को झटका देने की तैयारी में नजर आ रहे हैं अखिलेश यादव

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे एवं टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव ने ‘‘भाजपा के हाथों में खेलने’’ और राष्ट्रीय स्तर पर सहयोगी होने के बावजूद पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार पर बार-बार हमला करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी की भी आलोचना की। टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गठबंधन के मानदंडों के अनुसार, सबसे पहली चीज जो आप करते हैं, वह सीट-बंटवारे पर मुहर लगाना है। हमने सीट-बंटवारे के मुद्दे पर मुहर लगाने के लिए आठ महीने तक इंतजार किया था, लेकिन कांग्रेस निष्क्रिय बैठी रही और कुछ भी आगे नहीं बढ़ पाया।’’ हम आपको बता दें कि टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने पिछले हफ्ते घोषणा की थी कि पार्टी पश्चिम बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी। हालांकि, अभिषेक बनर्जी ने दोहराया कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा बनी हुई है। लेकिन यहां सवाल उठता है कि यह कैसा गठबंधन है जिसमें शामिल दल एक दूसरे के ही खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो रहे हैं?

हम आपको बता दें कि विपक्षी गठबंधन के इस असमंजस पर भाजपा ने जोरदार कटाक्ष किया है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि जब से राहुल गांधी की तथाकथित न्याय यात्रा शुरू हुई है, तब से सभी दल एक-एक कर अलग हो रहे हैं। पूनावाला ने कहा कि पहले मायावती ने मना कर दिया, अब ममता बनर्जी ने कह दिया कि वे अलग चुनाव लड़ेंगी, AAP ने कहा है कि पंजाब में वे अलग चुनाव लड़ेंगे... अब अभिषेक बनर्जी कहते हैं कि बंगाल में कांग्रेस के सबसे बड़े नेता अधीर रंजन चौधरी ट्रोजन हॉर्स हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि कांग्रेस पार्टी TMC के दबाव में बंगाल के इतने बड़े नेता को हटा भी दे परंतु सवाल ये पैदा होता है कि INDIA गठबंधन में कितना भ्रम और विरोधाभास है।"

प्रमुख खबरें

Delhi Airport पर दोहा से आए यात्रियों से 47 लाख के सोने-चांदी के सिक्के जब्त

Punjab Cabinet ने High Court के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति अधिसूचना पर जताया कड़ा विरोध

Vinod Tawde के बयान पर Akhilesh Yadav का पलटवार, BJP पर साधा निशाना

Punjab Cabinet ने High Court के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया