By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 01, 2026
कोलकाता, एक सितंबर तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी मंगलवार को कोलकाता पुलिस के समक्ष पेश हुए। उन्हें पिछले सप्ताह पार्टी के चिह्न वाला एक होर्डिंग हटाने को लेकर उनके कार्यालय के निजी सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने नोटिस जारी किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में तीन प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं, जिनमें से दो में अभिषेक बनर्जी को आरोपी बनाया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ’ब्रायन और पूर्व विधायक हुमायूं कबीर के नाम भी प्राथमिकी में शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, ओ’ब्रायन को भी रविवार को पुलिस ने नोटिस जारी किया था।
अभिषेक बनर्जी के कार्यालय के निजी सुरक्षा कर्मियों, उनके समर्थकों और कुछ पार्टी नेताओं की पुलिस तथा कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों के साथ झड़प हो गई थी। वे पुलिस और निगम अधिकारियों को कैमैक स्ट्रीट स्थित इमारत में प्रवेश करने और वहां लगे एक ‘‘अनधिकृत’’ होर्डिंग को हटाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, इस दौरान मौके पर मौजूद रहे तृणमूल के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा पुलिस को रोकने की कोशिश किए जाने संबंधी खबरों को ‘‘फर्जी’’ बताया था।
उन्होंने कहा था कि सुरक्षाकर्मी इमारत के प्रवेश द्वार पर ड्यूटी पर तैनात थे। तृणमूल कांग्रेस के चिह्न वाला यह होर्डिंग इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर सड़क की ओर लोहे के ढांचे पर लगाया गया था। पुलिस की मौजूदगी में इमारत में प्रवेश करने के बाद कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के कर्मचारियों ने इसे हटा दिया।
ओ’ब्रायन ने आरोप लगाया था कि पुलिस एक “अवैध” नोटिस के साथ जबरन कार्यालय में घुस आई, वरिष्ठ नेताओं के साथ मारपीट की और पार्टी समर्थकों तथा कार्यालय के कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया।