By अभिनय आकाश | Dec 19, 2024
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने भाजपा के इन आरोपों को 'गृह मंत्री अमित शाह को बचाने की साजिश' बताया कि उनके भाई और पार्टी नेता राहुल गांधी ने एक भाजपा सांसद को धक्का दिया। उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों पर शांतिपूर्वक विरोध कर रहे विपक्षी सदस्यों को संसद में प्रवेश करने से रोकने के लिए "गुंडागर्दी" में शामिल होने का भी आरोप लगाया। बीआर अंबेडकर के कथित अपमान को लेकर संसद परिसर में विपक्ष और एनडीए सांसदों के बीच झड़प में बीजेपी सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत घायल हो गए। भाजपा ने राहुल गांधी पर 69 वर्षीय सारंगी को धक्का देने का आरोप लगाया, जिसे कांग्रेस नेता ने खारिज कर दिया।
प्रियंका ने कहा कि मेरी आंखों के सामने ही खड़गे जी को धक्का लगा और वो जमीन पर गिर पड़े. फिर उन्होंने एक सीपीआई (एम) सांसद को धक्का दिया जो खड़गे जी पर गिर पड़े. कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मुझे लगा कि इससे उनका पैर टूट गया होगा क्योंकि उनके चेहरे से लग रहा था कि उन्हें चोट लगी है।