शौचालय वीडियो विवाद : एनसीडब्ल्यू सदस्य खुशबू ने मामले को सांप्रदायिक रंग न देने की अपील की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 27, 2023

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की सदस्य खुशबू सुंदर ने उडुपी के एक पैरामेडिकल कॉलेज के शौचालय में कथित रूप से एक लड़की का वीडियो बनाने के मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने या घटना को सांप्रदायिक रंग न देने का अनुरोध किया। वह बृहस्पतिवार सुबह कॉलेज पहुंचीं। उनके साथ उडुपी के जिला पुलिस अधीक्षक अक्षय हाके मच्छिंद्र तथा आयोग के अन्य सदस्य भी हैं। सुंदर इस मामले की जांच के संबंध में कॉलेज प्रबंधन, पीड़िता तथा घटना में शामिल छात्राओं से बातचीत कर रही हैं। कॉलेज निदेशक रश्मि, अकादमिक समन्वयक बालकृष्ण, प्राचार्य राजीप मंडल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की वकील मैरी श्रेष्ठ और अन्य भी बातचीत में शामिल रहे। बुधवार को उडुपी पहुंची सुंदर ने संवाददाताओं से कहा था कि पुलिस के तमाम प्रयासों के बाद भी कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

एनसीडब्ल्यू सदस्य ने कहा कि आयोग का ध्यान महिलाओं की सुरक्षा पर हैं चाहे वे किसी भी समुदाय की हो तथा उन्होंने लोगों से इस घटना को साम्प्रदायिक रंग न देने का अनुरोध किया। सुंदर ने कहा कि वह कॉलेज प्रशासन, छात्रों तथा पीड़ितों के साथ पहले इस मामले को पूरी तरह समझना चाहती हैं। इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शौचालय घटना की जांच की मांग करते हुए उडुपी में अज्जरकड में युद्ध स्मारक के समीप बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। पीड़िता के लिए न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों की वहां मौजूद पुलिस बल से भी बहस हुई। उडुपी के विधायक यशपाल सुवर्णा भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद रहे।

प्रमुख खबरें

Modi Rubber की 59 एकड़ जमीन के अवैध ट्रांसफर पर Allahabad High Court ने दिए नए सिरे से जांच के आदेश

Rajya Sabha चेयरमैन CP Radhakrishnan ने गठित की विभिन्न समितियां, खरगे भी शामिल

Womens Asia Cup: Smriti Mandhana के 124 रन से भारत सेमीफाइनल में, हांगकांग को 137 रन से रौंदा

AISA ने छात्र आंदोलनों को एकजुट करने के लिए बनाया National Platform