World Athletics: कड़ा होगा मुकाबला, 90 मीटर के आंकड़े को पार करना है नीरज चोपड़ा का लक्ष्य

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 18, 2022

नयी दिल्ली।अमेरिका के यूजीन में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उतरने की तैयारी कर रहे ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने सोमवार को कहा कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मुकाबला काफी कड़ा होगा क्योंकि कम से कम छह खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और 89 मीटर के आंकड़े को पार कर रहे हैं। तोक्यो ओलंपिक चैंपियन चोपड़ा ने साथ ही कहा कि इस साल उनका लक्ष्य 90 मीटर के आंकड़े को पार करना है जिसके वह डाइमंड लीग के दौरान काफी करीब पहुंचे थे। विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका के यूजीन में मौजूद चोपड़ा का इस सत्र में प्रदर्शन शानदार रहा है।

चोपड़ा डाइमंड लीग में भले ही पीटर्स से पिछड़ गए हों लेकिन वह पावो नुर्मी खेलों और फिनलैंड में ही कुओर्ताने खेलों में पीटर्स को पछाड़ चुके हैं। विश्व चैंपियनशिप में पीटर्स और चोपड़ा के अलावा ओलंपिक रजत पदक विजेता याकुब वाडलेच (सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.88 मीटर), जर्मनी के जूलियन वेबर (89.54 मीटर), त्रिनिदाद एवं टोबैगो के 2012 ओलंपिक चैम्पियन केशोर्न वॉलकॉट (89.07 मीटर) और फिनलैंड के ओलिवर हेलांडर (89.83 मीटर) पदक के दावेदारों में शामिल हैं। विश्व चैंपियनशिप की तैयारी के बारे में पूछने पर चोपड़ा ने यूजीन से कहा, ‘‘मेरी तैयारी काफी अच्छी चल रही और मैं एक बार फिर अपना शत प्रतिशत देने के लिए तैयार हूं। हम सभी को ओरेगन विश्वविद्यालय में ठहराया गया है और हम अलग स्टेडियम में ट्रेनिंग कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यहां का माहौल काफी अच्छा है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एथलीट यहां मौजूदा हैं। जिम और स्टेडियम में जब कोईविश्व और ओलंपिक रिकॉर्ड धारक मिलता है तो उनसे काफी प्रेरणा मिलती हैं।’’ चोपड़ा ने कहा कि उनका ध्यान सिर्फ अपने प्रदर्शन पर है और वह स्व्यं से बेहतर बनने के लिए ही प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘खेल में उतार चढ़ाव लगे रहते हैं। कभी आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हो तो कभी इससे बेहतर भी करते हो। कभी कभी आप अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तक नहीं पहुंच पाते।

जब प्रदर्शन अच्छा नहीं होता तो ट्रेनिंग में और कड़ी मेहनत करता हूं। मेरी प्रतिस्पर्धा अपने आप से है और मैं अपने से बेहतर बनने का प्रयास करता हूं।’’ चोपड़ा के प्रेरणास्रोत और भाला फेंक के विश्व रिकॉर्ड धारक चेक गणराज्य के यान जेलेनी भी यूजीन में मौजूद हैं और यह भारतीय खिलाड़ी उनसे मिलकर काफी खुश हूं। उन्होंने कहा, ‘‘यान जेलेनी भी यहां मौजूद हैं। मैं दो बार उनसे मिल चुका हूं। वह विश्व रिकॉर्ड धारक हैं और मेरे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। उनसे मुझे काफी प्रेरणा मिलती है। ’’ चोपड़ा ने खेल पोशाक और सामान बनाने वाली कंपनी अंडर आर्मर के भारत में वितरक और लाइसेंस धारक अंडरडॉग एथलेटिक्स के साथ करार किया है और वह इसी घोषणा के लिए मीडिया से मुखातिब थे। अंडरडॉग एथलेटिक्स के प्रबंध निदेशक तुषार गोकुलदास ने कहा कि उन्होंने चोपड़ा के ओलंपिक चैंपियन बनने से काफी पहले ही सोच लिया था कि वह भारत में उनके ब्रांड का चेहरा होंगे। तुषार ने कहा, ‘‘मुझे नीरज के हमारी कंपनी के साथ जुड़ने की घोषणा करने की काफी खुशी हो रही है। यह लंबा करार होगा। आप विश्वास नहीं करेंगे कि नीरज के ओलंपिक चैंपियन बनने से काफी पहले ही 2018 में जब हम भारत में कंपनी के विस्तार की योजनाएं बना रहे थे तो मैंने सोच लिया था कि देश में वही हमारे ब्रांड का चेहरा होंगे।

प्रमुख खबरें

Bihar Flood: Patna के गांधी घाट पर गंगा ने तोड़ा उच्चतम जलस्तर का रिकॉर्ड, 11 जिलों में संकट

CBI ने Subhash Chandra पर दर्ज की FIR, LIC Housing Finance से धोखाधड़ी का आरोप

उत्तर प्रदेश 2027: चुनावी बिसात और बदलते समीकरण

मुझे झूठे वादे मत सुनाओ, MPLADS फंड खर्च न होने पर भड़कीं Kangana Ranaut, मंडी के अधिकारियों को लगाई फटकार