By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 06, 2025
राष्ट्रीय राजधानी के कर्तव्य पथ पर एक विशेष कार्यक्रम के मद्देनजर नयी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक यातायात पर रोक रहेगी। दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी एक परामर्श में यह जानकारी दी गई।
इन हिस्सों में यदि वाहन खड़े पाए गए तो उन्हें वहां से हटा दिया जाएगा। हटाए गए वाहनों को भैरों मार्ग पर भैरों मंदिर के निकट ‘ट्रैफिक पिट’ में ले जाया जाएगा। परामर्श में कहा गया, ‘‘मोतीलाल नेहरू प्लेस, मानसिंह रोड, जसवंत सिंह रोड और विंडसर प्लेस के गोल चक्कर पर मार्ग परिवर्तित किया गया है। यात्रियों को प्रभावित सड़कों से बचने, मार्ग परिवर्तन के संकेतों का पालन करने और भीड़भाड़ कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।’’
इसमें कहा गया कि हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशन या बस टर्मिनल जाने वाले लोगों को भी अपनी यात्रा की योजना यातायात परामर्श के अनुसार बनाने को कहा गया है। नयी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजीव कुमार ने पीटीआई- को बताया कि शाम के समय वाहनों की आवाजाही को प्रबंधित करने और यात्रियों की सहायता के लिए अपराह्न तीन बजे से इन मार्गों पर यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।