By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 29, 2022
मनीला। फिलीपीन में भारी बारिश और बाढ़ संबंधी घटनाओं में करीब 32 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 24 अन्य लापता हैं। आपदा संबंधी राष्ट्रीय एजेंसी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पूर्वी, मध्य और दक्षिणी फिलीपीन में खराब मौसम के कारण क्रिसमस का जश्न फीका पड़ गया। वहां 56,000 से अधिक लोग अब भी आपातकालीन आश्रयों में हैं। दक्षिणी प्रांत मिसामिस ऑक्सिडेंटल से कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें बचाव कर्मी एक प्लास्टिक की कुर्सी पर एक बुजुर्ग महिला को ले जाते नजर आ रहे हैं।
एजेंसी के मुताबिक, बाढ़ के कारण चार हजार से अधिक मकानों के साथ-साथ सड़क व पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई इलाकों में बिजली व पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों में बाढ़ से प्रभावित कुछ इलाकों में हल्की से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।