By अंकित सिंह | Oct 30, 2026
शुक्रवार को उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ कस्बे में 'ट्रांस भारत' कंपनी का एक हेलीकॉप्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX) दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि यह हेलीकॉप्टर फाटा से बद्रीनाथ मंदिर जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई। यात्रियों और पायलट की हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF द्वारा मिलकर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं खुद इस पूरी घटना पर लगातार नजर रख रहा हूँ। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत एयरलिफ्ट करके बड़े अस्पतालों में पहुँचाने के निर्देश दिए गए हैं। चमोली के जिला सूचना अधिकारी धीरज कार्की ने बताया कि बद्रीनाथ धाम से पाँच तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रहे हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इलाके में मौसम खराब हो रहा है।