Tripura के सिपाहीजाला में BSF पर हमला करने के आरोप में आठ और लोग पकड़े गए

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

अगरतला, छह नवंबर त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर कथित तौर पर हमला करने और उनमें से तीन को घायल करने के आरोप में आठ और लोगों को पकड़ा गया है, जिससे मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 18 हो गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। तस्करी के संदेह में सिपाहीजाला जिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार को आशाबारी सीमा चौकी के पास ग्रामीणों के एक समूह ने बीएसएफ कर्मियों पर हमला कर दिया था, जिसमें एक सहायक कमांडेंट समेत तीन जवान घायल हो गए थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने बीएसएफ के एक वाहन में तोड़फोड़ की और सीमा रक्षकों से हथियार छीनने का भी प्रयास किया। अधिकारी ने कहा, आशाबारी में बीएसएफ जवानों पर हुए हमले के सिलसिले में आठ और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले, दो नवंबर की इस घटना में सीधे तौर पर शामिल 10 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया था।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बृहस्पतिवार को राज्य प्रशासन, पुलिस, बीएसएफ, सीआरपीएफ और असम राइफल्स के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ त्रिपुरा की सुरक्षा स्थिति पर एक समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बैठक में आशाबारी की घटना की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, सीमा पार तस्करी के खिलाफ कतई बर्दाश्त न करने की नीति अपनाने तथा शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा उपाय मजबूत करने के निर्देश दिए गए।’’

प्रमुख खबरें

उम्मीद है कि आप सभी दिल्ली के मौसम का आनंद ले रहे होंगे, AQI के गंभीर स्तर की ओर बढ़ने पर सुप्रीम कोर्ट का तंज

Bihar Police STF ने जब्त की 10 करोड़ रुपये की चरस, दो अलग-अलग अभियानों में महिला समेत 2 गिरफ्तार

NCP गुटों के विलय से NDA में आ सकते हैं Sharad Pawar, INDIA गठबंधन को लगेगा बड़ा झटका

जिगरी दोस्त को भी न बताएं ये 5 राज, वरना बाद में हो सकता है पछतावा