Manipur Violence | मणिपुर में सैनिकों ने भीड़ को सुरक्षा शिविर से हथियार लूटने से रोका, 1 की मौत

By रेनू तिवारी | Jul 05, 2023

मणिपुर में भीड़ ने हथियार और हथियार लूटने की कोशिश में इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) पर हमला कर दिया, लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे रोक दिया। इस झड़प में भीड़ में से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना आज मणिपुर के थौबल जिले में हुई जब सैकड़ों लोग आईआरबी पोस्ट पर पहुंच गए। भारतीय सेना ने एक बयान में कहा कि भीड़ ने सैनिकों की आवाजाही को रोकने के लिए सड़कें अवरुद्ध कर दीं। हालांकि, असम राइफल्स और रैपिड एक्शन फोर्स ने जल्द ही स्थिति पर काबू पा लिया।

मणिपुर के थौबल जिले में नाराज भीड़ ने भारतीय आरक्षित वाहिनी (आईआरबी) के एक कर्मी के मकान में आग लगा दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार रात को सामाराम में हुई। इससे पहले 700-800 लोगों की भीड़ ने चार किलोमीटर दूर वांगबल में आईआरबी के शिविर से हथियार लूटने की कोशिश की थी, जिसके परिणामस्वरूप सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़प में 27 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

मृतक की पहचान रोनाल्डो के रूप में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और पहले आंसू गैस के गोलों एवं रबड़ की गोलियों का इस्तेमाल किया, लेकिन हथियारबंद भीड़ ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि भीड़ ने शिविर तक आने वाली सड़कों को भी कई स्थानों पर बाधित कर दिया था, ताकि अतिरिक्त बलों को पहुंचने से रोका जा सके, लेकिन बल शिविर तक पहुंच गए।

अधिकारियों ने बताया कि भीड़ ने शिविर आ रहे असम राइफल्स के एक दल पर भी हमला किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने असम राइफल्स के कर्मियों पर गोलीबारी की और उनके वाहन को आग लगा दी, जिसमें एक जवान घायल हो गया। उन्होंने बताया कि जवान के पैर में गोली लगी है। अधिकारियों ने बताया कि झड़पों में रोनाल्डो नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसे पहले थौबल जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे इंफाल स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन इंफाल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि झड़प में 10 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से गंभीर रूप से घायल छह लोगों को इंफाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रमुख खबरें

Nepal Flood से बाल-बाल बचे Raipur के पांच दोस्त, चाय के लिए रुकने से टला बड़ा हादसा

Nepal Floods में मरने वालों का आंकड़ा 675 पहुंचा, 2400 लापता लोगों की तलाश जारी

Indus Waters Treaty पर बोले Ishaq Dar, पाकिस्तान का पानी रोका तो परिणाम होंगे गंभीर

Yogi Adityanath ने Gorakhpur में विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- विकास विरोधी बांट रहे समाज