कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो की पीएम मोदी से हुई ‘‘अच्छी बातचीत’’, किसानों के प्रदर्शन को लेकर हुई ये चर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 11, 2021

ओटावा। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि उनकी भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर ‘‘अच्छी बातचीत’’ हुई और इस दौरान दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक सिद्धांतों के लिए दोनों देशों की प्रतिबद्धता, हालिया प्रदर्शनों और बातचीत के जरिए मुद्दों के समाधान के महत्व पर चर्चा की। ट्रूडो ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन किया था। ट्रूडो ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र के साथ कई मुद्दों पर मेरी अच्छी बातचीत हुई और हमने आगे भी सम्पर्क में रहने को लेकर सहमति जतायी।’’ कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में भारत में जारी किसानों के प्रदर्शन के संदर्भ में कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक सिद्धांतों के लिए कनाडा और भारत की प्रतिबद्धता, हालिया प्रदर्शनों और बातचीत के जरिए मुद्दों के समाधान के महत्व पर चर्चा की।’’

इसे भी पढ़ें: भारत-चीन सीमा के हालात पर पैनी नजर रखे हुए है अमेरिका

गत वर्ष सितम्बर में अमल में आए तीनों कानूनों को भारत सरकार ने कृषि क्षेत्र में बड़े सुधार के तौर पर पेश किया है। उसका कहना है कि इन कानूनों के आने से बिचौलिए की भूमिका खत्म हो जाएगी और किसान अपनी उपज देश में कहीं भी बेच सकेंगे। दूसरी तरफ, प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों का कहना है कि इन कानूनों से एमएसपी का सुरक्षा कवच खत्म हो जाएगा और मंडियां भी खत्म हो जाएंगी तथा खेती बड़े कारपोरेट समूहों के हाथ में चली जाएगी। फोन पर बातचीत के दौरान, ट्रूडो और मोदी ने अधिक टिकाऊ एवं लचीली वैश्विक अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण के लिए सामूहिक रूप से काम करने की आवश्यकता को रेखांकित किया। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने कोविड-19 से निपटने, अपनी जनता के स्वास्थ्य एवं उनकी सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों और नागरिकों को आर्थिक समर्थन देने के लिए अपने-अपने प्रयासों पर बात की।’’ बयान के अनुसार, ‘‘दोनों नेताओं ने टीके के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ावा देने में भारत के महत्वपूर्ण प्रयासों के बारे में बात की, जिससे दुनिया भर के देशों को बड़ी मदद मिली है।’’ दोनों नेताओं के बीच टीके को सभी तक पहुंचाने के लिए एकसाथ काम करने को लेकर भी सहमति बनी।

इसे भी पढ़ें: जयशंकर और ब्लिंकन ने की बातचीत, म्यांमा के हालात पर की चर्चा

बयान के अनुसार, ‘‘दोनों नेता जी7, जी20 और अन्य अंतरराष्ट्रीय मंचों के लिए भी मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हैं।’’ इस बीच, नयी दिल्ली में भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्रूडो को भारत-कनाडा के टीकाकरण प्रयासों में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है। भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक मोदी ने जस्टिन ट्रूडो को आश्वासन देते हुए कहा, ‘‘भारत ने जैसे कई अन्य देशों के लिए किया, ठीक उसी तरह कनाडा के टीकाकरण प्रयासों को सहयोग देने में अपना सर्वश्रेष्ठ करेगा।’’ वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक ट्रूडो ने कहा कि अगर विश्व कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में जीत हासिल करता है, तो उसमें भारत की अभूतपूर्व औषधीय क्षमता का महत्वपूर्ण योगदान होगा। भारत की इस क्षमता को विश्व के साथ साझा करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना भी की। मोदी ने इस सराहना के लिए ट्रूडो का शुक्रिया भी अदा किया। बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने जलवायु परिवर्तन और कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के आर्थिक दुष्प्रभावों सहित कई अन्य अहम मुद्दों पर करीबी साझेदारी जारी रखने पर सहमति जतायी।

प्रमुख खबरें

Vastu Tips: घर के Main Entrance पर नंदी की स्थापना से दूर होगी Negative Energy, बरसती है महादेव की कृपा

Ajay Rai ने PM Narendra Modi से की Ethanol Policy की समीक्षा की मांग, चीनी आयात पर सवाल

Banke Bihari Temple Management को SC का निर्देश, भक्तों का Donation सीधे खजाने में जाए, Golak चोरी के आरोपों पर जताई नाराजगी

मॉस्को में ट्रंप ने अचानक क्यों उतार दिया C-17 ग्लोबमास्टर III, मची खलबली