By अभिनय आकाश | Oct 26, 2026
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रिपब्लिकन सहयोगियों पर तीखा हमला बोला है। ओहायो और मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के प्रचार के दौरान ओबामा ने रिपब्लिकन नेताओं के रवैये को क्रूर और असभ्य करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा रहे हैं। दूसरी ओर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में मतदान के दौरान रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी का बचाव किया। दरअसल, ओहायो में गवर्नर पद की उम्मीदवार एमी एक्टन से जुड़े एक चुनावी विज्ञापन ने अमेरिकी राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस विज्ञापन में एक्टन की मां नजर आ रही हैं। उनकी मां द्वारा दिए गए बयानों को लेकर ओबामा ने रिपब्लिकन पार्टी पर निशाना साधा। इसके साथ ही, ओबामा मिशिगन से सीनेट की दौड़ में शामिल अब्दुल अल-सईद के समर्थन में भी खुलकर सामने आए। ऐसे में सवाल उठता है कि चुनावों से पहले अमेरिका में यह सियासी टकराव इतना तीव्र क्यों हो गया है?
इस बीच, एमी एक्टन ने भी अपने प्रतिद्वंद्वी रामास्वामी पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रामास्वामी अपने लड़खड़ाते चुनावी अभियान को बचाने के लिए जानबूझकर उनके बचपन का फायदा उठा रहे हैं। एक्टन ने कहा कि रामास्वामी जमीनी हकीकत से पूरी तरह कटे हुए हैं और सिर्फ अपने निजी स्वार्थ के लिए काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने रामास्वामी को ओहायो के लिए एक खतरा बताया। इस विवाद के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को फ्लोरिडा में अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने विवेक रामास्वामी के प्रचार विज्ञापन का बचाव किया। ट्रंप ने कहा कि विज्ञापन में एमी एक्टन की मां ने उन्हें झूठी कहा है, और इससे बेहतर गवाही या संदर्भ और कोई नहीं हो सकता। इस तरह ओहायो में एक चुनावी विज्ञापन से शुरू हुआ यह विवाद अब डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन नेताओं के बीच तीखे जुबानी जंग में तब्दील हो चुका है। एक तरफ जहां ओबामा और एक्टन इस विज्ञापन को लेकर रामास्वामी पर सवाल खड़े कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ट्रंप उनके समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं। ओबामा ने मिशिगन में सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सईद के समर्थन में भी चुनाव प्रचार किया। अल-सईद एक पूर्व सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी हैं और वह पूर्व रिपब्लिकन प्रतिनिधि माइक रोजर्स के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।