By एकता | Oct 12, 2026
साल 2018 में रिलीज हुई हॉरर-फैंटेसी फिल्म 'तुम्बाड' को रिलीज हुए आठ साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अभिनेता सोहम शाह और फिल्म की टीम को बधाई दी। आलिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह फिल्म से जुड़े खास आई मास्क में नजर आईं। उनके इस अंदाज ने फिल्म के अगले भाग 'तुम्बाड 2' को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। हालांकि, इस तस्वीर से फिल्म में आलिया के किरदार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलती है।
इस साल जुलाई में फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की थी कि आलिया भट्ट 'तुम्बाड 2' का हिस्सा होंगी। यह हॉरर शैली में उनकी पहली पूरी फिल्म होगी और उनके करियर में एक नया अध्याय भी जोड़ेगी। सोहम शाह ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए आलिया का स्वागत किया था। उन्होंने लिखा था, "एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। #Tumbbad2 में आपका स्वागत है, @aliaabhatt।"
साल 2018 में रिलीज हुई 'तुम्बाड' का निर्देशन राही अनिल बर्वे ने किया था। फिल्म में सोहम शाह मुख्य भूमिका में थे। इसकी कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक गांव में छिपे खजाने की तलाश करता है।
फिल्म में लालच, पौराणिक कथाओं और डर को दिखाया गया था। रिलीज के समय फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी सफलता नहीं मिली थी, लेकिन धीरे-धीरे इसे काफी पसंद किया जाने लगा और इसके प्रशंसकों की संख्या बढ़ती गई।
साल 2024 में दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होने पर भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा ध्यान मिला। दोबारा रिलीज ने फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर एक और मौका दिया।
'तुम्बाड 2' की कहानी को आगे बढ़ाने पर सोहम शाह निर्देशक आदेश प्रसाद के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म की टैगलाइन 'प्रलय आएगा' रखी गई है, जिससे इसके अगले भाग को लेकर रहस्य और उत्सुकता बढ़ रही है। फिल्म का निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं। इसे सोहम शाह, अपनी निर्माण कंपनी सोहम शाह फिल्म्स के बैनर तले, पेन स्टूडियोज के साथ मिलकर बना रहे हैं। फिल्म का वितरण पेन मरुधर करेगा।