By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 18, 2026
झारखंड के चतरा जिले में 17 वर्षीय किशोरी का कथित तौर पर अपहरण कर, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने एवं गला घोंटकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह ने बताया, ‘‘हमने इस मामले में बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया जिनकी उम्र क्रमश: 19 और 22 वर्ष है।’’ उन्होंने दावा किया कि दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है। अधिकारी ने बताया कि उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पीड़िता की लाल रंग की टॉर्च, हेयर पिन और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। उन्होंने बताया कि कुंडा पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।