By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 17, 2026
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के वन क्षेत्र में जारी आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान पाकिस्तान के जैश-ए-मोहम्मद (जेएम) से जुड़े दो संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद मजालता के ब्रातेल सोआन और खुब्बन इलाकों में सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का संयुक्त अभियान जारी है।
अभियान अब भी जारी है। किसी भी अन्य खतरे का पता लगाने और उसके खात्मे के लिए सुरक्षा बल तैनात हैं।’’ अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह घने जंगलों वाले इलाके में आतंकवादियों के एक समूह की मौजूदगी की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा बल उनकी तलाश कर रहे थे। ताजा जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बुधवार रात करीब नौ बजे एक इलाके की घेराबंदी की, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान शुरू होने के कुछ ही देर बाद गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। हालांकि, रातभर इलाके में काफी हद तक शांति बनी रही लेकिन बृहस्पतिवार सुबह आतंकवादियों ने घेराबंदी तोड़कर निकलने के प्रयास में भीषण गोलीबारी शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं।