By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 06, 2020
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण के कारण दो ओर लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश में मृतकों की संख्या बढ़कर 38 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक मौत कश्मीर घाटी में हुई है जबकि एक मौत जम्मू क्षेत्र में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के 70 वर्षीय एक व्यक्ति की हृदय रोग अस्पताल में शनिवार को मौत हो गई, जो कोविड-19 अस्पताल है।
अधिकारियों ने बताया कि मीरान साहिब क्षेत्र की रहने वाली मरीज को गंभीर हालत में पिछले महीने जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में भर्ती कराया गया था। वह 25 मई को कोविड-19 की जांच में संक्रमित पाई गई थी। उन्होंने बताया कि जम्मू क्षेत्र में कोविड-19 से हुई यह पांचवीं मौत है। बाकी 33 मौतें कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में हुई हैं।