कोरोना के कहर से भारी गिरावट के बाद उबरा शेयर बाजार, 1,325 अंक चढ़ा सेंसेक्स

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 13, 2020

मुंबई। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 1,325.34 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी कारोबार के अंत में 9,900 अंक के स्तर को पाने में सफल रहा। इससे पहले कारोबार की शुरुआत में बाजार में जोरदार गिरावट आई। इससे निवेशक कम मूल्य पर शेयरों की लिवाली करने को दौड़े जिससे बाजार अंतत: लाभ के साथ बंद हुए। 

कारोना वायरस के महामारी का रूप लेने से वैश्विक बाजारों में घबराहटपूर्ण बिकवाली का सिलसिला चल रहा है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई और ये अपने निचले सर्किट को छू गए। बाजार खुलने के मात्र 15 मिनट के भीतर शेयर बाजारों में ऐसा अफरातफरी का सिलसिला चला कि कारोबार को 45 मिनट के लिए रोकना पड़ा। बाद में 10:30 बजे सामान्य कारोबार फिर शुरू हुआ। आखिरी बार जनवरी, 2008 में निचले सर्किट को छूने की वजह से कारोबार बंद करना पड़ा था। 

बीएसई सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 29,388.97 अंक पर आ गया। लेकिन बाद में निचले स्तर पर चली लिवाली के सिलसिले से इसमें 5,380 अंक का जोरदार सुधार दर्ज हुआ। अंत में सेंसेक्स 1,325.34 अंक या 4.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 34,103.48 अंक पर बंद हुआ। 

इसे भी पढ़ें: कोरोना वायरस का कहर: शेयर बाजारों में सबसे बड़ी गिरावट, निवेशकों को लगी 11 लाख करोड़ की चपत

इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 365.05 अंक या 3.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9,955.20 अंक पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 8,555.15 अंक के निचले स्तर तक आया था।सेंसेक्स की ज्यादातर कंपनियां लाभ के साथ बंद हुईं। एसबीआई में सबसे अधिक लाभ रहा और इसका शेयर 13 प्रतिशत चढ़ गया। टाटा स्टील, एचडीएफसी, सनफार्मा, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी लाभ में रहे। 

वहीं दूसरी ओर नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, हीरो मोटोकॉर्प और एचसीएल टेक के शेयरों में नुकसान रहा। वैश्विक स्तर पर मंदी की आशंका से दुनिया भर के बाजारों में बिकवाली का सिलसिला चला। दुनियाभर के बाजार कोविड-19 पर नियंत्रण के लिए विभिन्न देशों की सरकारों द्वारा यात्रा पर पाबंदी को लेकर चिंतित हैं। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट 1.23 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.14 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 3.43 प्रतिशत और जापान का निक्की 6.08 प्रतिशत टूटे। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार चार प्रतिशत की बढ़त में थे। अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में कारोबार के दौरान रुपया 47 पैसे की बढ़त के साथ 73.81 प्रति डॉलर पर था। ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 5.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 35.05 डॉलर प्रति बैरल पर था। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 75 पर पहुंच गए हैं। इनमें 17 विदेशी भी शामिल हैं। 

प्रमुख खबरें

Nepal ने खो दिये Sugauli Treaty के Original Document ! अब भारत के साथ कैसे सुलझायेगा सीमा विवाद?

Sara Ali Khan Birthday: Star Kid होने के बावजूद Sara Ali Khan ने अभिनय से बनाई पहचान, डेब्यू से Filmfare तक का खास सफर

Solar Eclipse 2026: क्या भारत में दिखेगा साल का आखिरी सूर्य ग्रहण? जानें Sutak Timing और महत्व

Prabhasakshi NewsRoom: Bangladesh PM से मिलने के तुरंत बाद Delhi आकर PM Modi से मिले Dinesh Trivedi, पलट गया पूरा खेल