Prabhasakshi NewsRoom: BJP-RSS के गढ़ Nagpur में गरजते हुए Thackeray ने Fadnavis को बताया कलंक, गर्मायी Maharashtra Politics

By नीरज कुमार दुबे | Jul 11, 2023

शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गढ़ नागपुर में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इन दोनों नेताओं को आड़े हाथ लिया है जिससे राज्य की राजनीति गर्मा गयी है। हम आपको बता दें कि गडकरी नागपुर से सांसद हैं जबकि फडणवीस यहां से विधायक हैं। नागपुर में ही आरएसएस का मुख्यालय भी है इसीलिए यह शहर विशेष रूप से भाजपा का गढ़ माना जाता है। ऐसे में भाजपा के गढ़ में घुसकर जिस तरह ठाकरे ने सीधा फडणवीस पर निशाना साधते हुए उन्हें कलंक करार दिया है उससे प्रदर्शित हो रहा है कि राज्य की राजनीति अब निजी हमलों पर आ गयी है।

इसे भी पढ़ें: Uddhav Thackeray का नया वार, 'एक देश, एक पार्टी' की ओर देश को ले जा रही है BJP, Shivsena नाम और चुनाव चिह्न पर 31 को SC में सुनवाई

उन्होंने कहा, “हमारा हिंदुत्व शुद्ध और स्वच्छ है और हमारे हिंदुत्व में ऐसी धोखेबाजी के लिए कोई जगह नहीं है।” ठाकरे ने शिंदे धड़े का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग बाल ठाकरे का नाम ले रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि महाराष्ट्र में मोदी के नाम से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली भाजपा और उसके “सर्वोच्च नेता” (मोदी) को मई में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बजरंग बली के नाम पर वोट मांगने पड़े, लेकिन इससे काम नहीं चला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने आपातकाल (1975) का विरोध किया था, उन्होंने लोगों पर प्रतिबंध लगाकर और फर्जी मामले दर्ज करके पूरे देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया है।

उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा, "आपको अभी बोलना चाहिए, नहीं तो हम 2024 के बाद नहीं बोल पाएंगे। हमारा देश चीन, रूस और उत्तर कोरिया की तरह तानाशाही की ओर बढ़ रहा है। अभी बोलें और लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ें।" मणिपुर में हिंसा पर चुप्पी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए ठाकरे ने सवाल किया कि वहां दंगाई भीड़ को हथियार कैसे मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'डबल इंजन सरकार होने के बावजूद मणिपुर क्यों जल रहा है?'

फडणवीस के गृह क्षेत्र नागपुर में अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा, ‘‘भाजपा नेता नागपुर पर एक ‘कलंक’ हैं क्योंकि उन्होंने कहा था कि वह राकांपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे, लेकिन फिर भी उन्होंने ऐसा किया।” ठाकरे ने फडणवीस का पुराना ऑडियो क्लिप चलाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह कभी राकांपा से हाथ नहीं मिलाएंगे। ठाकरे ने यह वीडियो चलाते हुए कहा था कि भाजपा नेता की “ना का मतलब हां” होता है।

इस बीच, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कथित तौर पर ‘कलंक’ कहने के लिए ठाकरे की निंदा की। जबकि भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नागपुर हवाई अड्डे के पास ठाकरे के पोस्टर फाड़ने के बाद उनके खिलाफ नारे लगाए। गडकरी ने ठाकरे की टिप्पणी की निंदा की। गडकरी ने ट्वीट किया, “नागपुर में श्री देवेन्द्र जी के बारे में श्री उद्धव ठाकरे का बयान निंदनीय है। राजनीतिक भाषा गिर चुकी है। उन्हें हमारी सरकार के दौरान किए गए विकास कार्यों और उनके द्वारा किए गए कार्यों पर चर्चा करनी चाहिए, लेकिन इस तरह से इतने निचले स्तर के व्यक्तिगत आरोप लगाना महाराष्ट्र की संस्कृति के अनुरूप नहीं है।” 

दूसरी ओर, शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने ठाकरे की फडणवीस के बारे में की गयी टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा है कि महाराष्ट्र की राजनीति में जो आजतक नहीं हुआ था वह हो गया और राज्य की राजनीतिक संस्कृति को नुकसान पहुँचाया गया। उन्होंने कहा कि ठाकरे ने सिर्फ यही बात कही थी।

प्रमुख खबरें

Paper Leak Case: सरकार सीधे हमसे बात करे, Jantar Mantar पर मीटिंग के लिए तैयार CJP नेता Sourav Das

KTR ने CM Revanth Reddy को भेजा Defamation Notice, परीक्षा गड़बड़ी में नाम घसीटने पर छिड़ी कानूनी जंग

हिंसा से समाधान नहीं: Anna Hazare ने Police लाठीचार्ज को बताया गलत, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की

अपनी पर आ गए यमन के हूती, बीच समुंदर तेल टैंकर को फूंक डाला, तड़प उठा सऊदी