By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने बृहस्पतिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और एक महिला जिला कलेक्टर के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में सत्तारूढ़ टीवीके के कल्लाकुरिची से विधायक सी. अरुल विग्नेश को गिरफ्तार करने के लिए उनके हस्तक्षेप की मांग की। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता ने पार्टी सांसद दयानिधि मारन और वकीलों के साथ यहां लोक भवन में राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पहली बार विधायक बने अरुल विग्नेश की तत्काल गिरफ्तारी और इस मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की गई।
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) विधायक पर महिला अधिकारी को अश्लील संदेश भेजने का आरोप है। उदयनिधि ने कहा कि द्रमुक ने राज्यपाल आर. एन. रवि को इस उम्मीद के साथ ज्ञापन सौंपा है कि वह मामले की जांच करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अधिकारी कार्रवाई करने या जवाब देने में विफल रहते हैं, तो पार्टी अंततः इस मुद्दे को सीधे तमिलनाडु की जनता के सामने ले जाएगी।
द्रमुक नेता ने बाद में पत्रकारों से कहा, ‘‘राज्यपाल के समक्ष हमारी मांग का मुख्य उद्देश्य मामले की व्यापक जांच के लिए इसे सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करना है, क्योंकि हमें राज्य प्रशासन की निष्पक्ष तरीके से जांच करने की क्षमता पर भरोसा नहीं है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और मुख्य सचिव ने आरोपी विधायक को बचाने के लिए 116 दिनों तक इस घटना को छिपाने का खूब प्रयास किया है।’’ उदयनिधि के अनुसार, मुख्य सचिव ने पीड़िता की शिकायतों पर ध्यान देने के बजाय ‘‘आरोपी विधायक को बचाने का प्रयास किया।’’ उन्होंने दावा किया कि शीर्ष अधिकारी ने कथित तौर पर पीड़िता से बात की थी और उसे दूसरे जिले में तबादला लेकर मामले को सुलझाने का सुझाव दिया था। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में पिछले छह महीनों के दौरान हुए अपराधों, विशेष रूप से यौन हिंसा के 80 प्रतिशत से अधिक मामलों में सत्तारूढ़ दल के सदस्य शामिल थे।
अपने इस दावे के समर्थन में उन्होंने श्रीवैकुंटम, रानीपेट और आलंदूर में सत्तारूढ़ दल के सदस्यों से जुड़े महिलाओं के खिलाफ अपराधों की कई अन्य घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं दर्शाती हैं कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल हो रही है। विजय की आलोचना करते हुए द्रमुक की युवा इकाई के सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में कार्रवाई करने में विफलता दिखाई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर इस मामले को दबाने में मिलीभगत का आरोप लगाया। इसके अलावा, उन्होंने उन तीन मंत्रियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने सार्वजनिक रूप से इस घटना के होने से ही इनकार किया था। तिरुपरनकुंद्रम में दीप प्रज्ज्वलित करने के मुद्दे पर राज्य सरकार की आलोचना करते हुए उदयनिधि ने कहा कि जहां कुछ मंत्रियों का दावा है कि प्रशासन ने इस मामले को अच्छी तरह संभाला है, वहीं सरकार ने वास्तव में अपनी कार्रवाई को लेकर उच्चतम न्यायालय में माफी मांगी थी।