By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन शुक्रवार को 49 साल के हो गए। द्रमुक युवा शाखा के सचिव ने पार्टी अध्यक्ष और पिता एम. के. स्टालिन से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उदयनिधि ने इस अवसर वेपेरी में सुधारवादी नेता और द्रमुक के वैचारिक प्रेरणा-स्रोत ई.वी. रामासामी पेरियार की प्रतिमा पर माल्यर्पण किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटीं।
उन्होंने इसके अलावा पार्टी के संस्थापक सी.एन. अन्नादुरई और और पूर्व मुख्यमंत्री एवं दादा एम. करुणानिधि के स्मारकों की देखभाल करने वाले कर्मियों के कल्याण हेतु सहायता प्रदान की। एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बेटे को बधाई देते हुए कहा कि समय ने उन्हें विचारों से समृद्ध तमिल समाज के भविष्य की रक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि उसे ‘दृष्टि भ्रम’ के चलते भटकने से बचाया जा सके। द्रमुक अध्यक्ष ने कहा, ‘‘युवा शाखा को मैंने पार्टी की जीवन-शक्ति के रूप में संवारा है और उसके वैचारिक कार्यों में अब केवल गति की नहीं, बल्कि एक बड़ी छलांग की आवश्यकता है।
आपके काम से ही आपकी पहचान बननी चाहिए! कड़ी मेहनत से आगे बढ़ें, आदर्शों के रास्ते पर चलें, और विचारधारा की जीत में ही अपने जीवन की सफलता पाएं।’’