By अभिनय आकाश | May 30, 2025
नई दिल्ली स्थित उद्योग भवन में एक धमकी भरे ईमेल के बाद अलर्ट जारी कर दिया गया, जिसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से संभावित बम हमले की चेतावनी दी गई थी। भारी उद्योग मंत्रालय के सचिव को संबोधित यह ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि उद्योग भवन परिसर में आत्मघाती आईईडी का इस्तेमाल किया जाएगा।
इस बीच, शुक्रवार को चंडीगढ़ पुलिस को बम की धमकी वाला एक और कॉल आया, जिसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य प्रमुख सरकारी स्थलों के आसपास हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि कॉल करने वाले ने मुख्यमंत्री कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। हरियाणा सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास दोनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते और भारी हथियारों से लैस कर्मियों ने इन स्थानों पर और उसके आसपास तलाशी ली। अधिकारी धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।