By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 12, 2026
(अदिति खन्ना) लंदन, 12 अक्टूबर ब्रिटेन का एक प्रतिनिधिमंडल द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से मिलने वाले लाभ को अधिकतम करने के लिए भारत पहुंचा है। ब्रिटेन सरकार ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इसके साथ ही दोनों देशों के बीच एक अरब पाउंड के नए सौदे हुए हैं। उत्तरी इंग्लैंड के सात मेयर के साथ ही ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स, स्कॉटलैंड मामलों के मंत्री डगलस अलेक्जेंडर और पर्यावरण, खाद्य एवं ग्रामीण मामलों की मंत्री एंजेला ईगल के साथ विभिन्न क्षेत्रों के 100 से अधिक व्यवसायी भारत आए हैं।
इस यात्रा के अवसर पर घोषित सौदों में ब्रिटेन में कृत्रिम मेधा (एआई) अनुसंधान के मेटा फॉर डेटा टेक्नोलॉजीज (एमएफडी) की ओर से पांच करोड़ पाउंड का निवेश,तथा ब्रिटेन की अग्रणी विमानन सेवा कंपनी मेंजियस एविएशन द्वारा भारत में अपने विस्तार के साथ 60 करोड़ पाउंड से अधिक राजस्व हासिल करने का लक्ष्य शामिल है। ब्रिटेन के व्यापार विभाग ने कहा कि पिछले साल जुलाई में सीईटीए पर हस्ताक्षर के बाद से अबतक लगभग 12 अरब पाउंड मूल्य के सौदों की घोषणा की जा चुकी है।