Brexit से ब्रिटेन को हुआ नुकसान, EU के साथ करीबी संबंध जरूरी: Andy Burnham

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने सोमवार को कहा कि अब यह स्वीकार करने का समय आ गया है कि यूरोपीय संघ (ईयू) से अलग होने यानी ‘ब्रेक्जिट’ से ब्रिटेन को अपेक्षित लाभ नहीं मिला है और दुनिया भर में बढ़ती अलगाववादी प्रवृत्तियों से निपटने के लिए देश को यूरोपीय संघ के साथ कहीं अधिक घनिष्ठ संबंध बनाने की जरूरत है। बर्नहैम ने 2016 में हुए जनमत संग्रह के बाद ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने के परिणामों की तुलना हंस क्रिश्चियन एंडरसन की परी कथा ‘द एम्परर्स न्यू क्लोथ्स’ से की। इस कहानी में कोई भी राजा को यह बताने के लिए तैयार नहीं होता कि वास्तव में वह निर्वस्त्र है।

बर्नहैम ने ‘लॉर्ड मेयर्स बैंक्वेट’ में विदेश नीति पर अपने संबोधन में कहा, ‘‘मैं जो देखता हूं, वही कहने की कोशिश करता हूं। हमें जिस तरह का ब्रेक्जिट मिला, वह कारगर साबित नहीं हुआ। हमने जितना हासिल किया, उससे कहीं अधिक गंवाया है।’’ बर्नहैम ने पिछले एक दशक की राजनीतिक उथल-पुथल को पीछे छोड़ आगे बढ़ने की कोशिश करते हुए कहा कि ब्रिटेन ने विश्व मंच पर वापसी की है।

राजनीतिक अस्थिरता के कारण ब्रिटेन में 2016 के बाद से सात प्रधानमंत्री बन चुके हैं और बर्नहैम सातवें प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि 2016 के बाद के अपने अनुभवों के कारण ब्रिटेन अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए दौर में नेतृत्व करने में सक्षम है। बर्नहैम ने कहा, ‘‘ब्रेक्जिट दुनिया भर में अलगाववाद और संरक्षणवाद की बढ़ती प्रवृत्ति की शुरुआत थी।

हमारे विरोधी भी यही चाहते थे। रूस चाहता था कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में फूट पड़े और यूरोप कमजोर हो।’’ बर्नहैम का यह बयान शुक्रवार को ब्रसेल्स में होने वाले ब्रिटेन-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन से पहले आया है। यह सम्मेलन 27 देशों वाले यूरोपीय संघ के साथ संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने की बर्नहैम की प्रतिबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह सम्मेलन ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने के पक्ष में मतदान करने के एक दशक बाद और 2020 में औपचारिक रूप से उससे अलग होने के छह साल बाद हो रहा है। शिखर सम्मेलन में खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों के व्यापार से संबंधित समझौते, ऊर्जा एवं उत्सर्जन व्यापार संबंधी समझौतों और ब्रिटेन तथा यूरोपीय संघ के देशों में युवाओं को सीमित अवधि के लिए काम करने की अनुमति देने की योजना को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। बर्नहैम ने कहा कि ब्रेक्जिट के समर्थन में चलाए गए अभियान के दौरान ब्रिटेन की सीमाओं, कानूनों और अर्थव्यवस्था पर ‘‘फिर से नियंत्रण हासिल करने’’ का जो वादा किया गया था, वह पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के देशों के साथ ब्रिटेन के व्यापार में भारी गिरावट आई है और अनुमान है कि ब्रेक्जिट से देश को हुआ आर्थिक नुकसान उसके सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के चार से आठ प्रतिशत के बराबर है। अधिकतर अर्थशास्त्री इस बात से सहमत हैं कि ब्रेक्जिट से ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है लेकिन ब्रिटेन के नेता इस विवादास्पद मुद्दे पर फिर से बहस शुरू करने से बचते रहे हैं। हालांकि, बर्नहैम का रुख अलग है।

उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन के तुरंत बाद वह यूरोपीय संघ के साथ ब्रिटेन के दीर्घकालिक संबंधों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा शुरू करेंगे।

प्रमुख खबरें

US Court ने विदेशी छात्रों और पत्रकारों के Visa की अवधि सीमित करने का प्रस्ताव किया खारिज

Pm Modi West Bengal Visit | 21 नवंबर को आईआईटी-खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जारी करेंगे विशेष स्मारक सिक्का

Punjab Elections 2027 | Sukhbir Singh Badal का व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए बड़ा ऐलान- 5 रुपये प्रति यूनिट बिजली का वादा

न्यूजीलैंड के खिलाफ Shubman Gill चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे, Rishabh Pant का किया समर्थन