By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 27, 2026
इंग्लैंड में पुलिस ने अमेरिका द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे एक एयरबेस के पास स्थित कई घरों को रविवार को खाली करा लिया और विस्फोटकों से जुड़े अपराधों के संदेह में कई लोगों को हिरासत में लिया। ‘ग्लॉस्टरशायर’ पुलिस ने बताया कि पश्चिमी इंग्लैंड के व्हेलफोर्ड में ‘‘कई संपत्तियों’’ के निवासियों को नजदीक के एक मनोरंजन केंद्र में ले जाया गया है और स्थिति ‘‘नियंत्रण में’’ है। यह इलाका आरएएफ फेयरफोर्ड के पास है जिसका इस्तेमाल अमेरिकी बलों ने ईरान के साथ युद्ध के दौरान हमलों के लिए किया है।
अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि नहीं की कि इन लोगों को हिरासत में लिए जाने का एयरबेस से कोई संबंध है। पुलिस ने कहा, ‘‘फिलहाल इलाके की घेराबंदी की गई है लेकिन लोगों को हम आश्वस्त करना चाहते हैं कि हमारे अनुसार स्थिति नियंत्रण में है।’’ अमेरिकी वायुसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि आरएएफ फेयरफोर्ड में तैनात उसके कर्मी ‘‘सतर्क’’ हैं लेकिन उन्होंने बल की सुरक्षा के लिए उठाए गए विशेष कदमों के बारे में सुरक्षा कारणों से जानकारी नहीं दी।