UK में US एयरबेस RAF Lakenheath पर दिखा संदिग्ध ड्रोन, सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

ब्रिटेन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे के ऊपर ड्रोन की अनधिकृत गतिविधि के बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की, लेकिन अब मामला सुलझा लिया गया है। अमेरिका और ब्रिटेन के रक्षा अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यूरोप में अमेरिकी वायुसेना ने एक बयान में कहा कि पूर्वी इंग्लैंड में स्थित रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) के लेकनहीथ सैन्य अड्डे पर ड्रोन की अनधिकृत संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की।

उसने बताया कि हालांकि, इस घटना से किसी भी कर्मचारी, विमान या बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। बयान में कहा गया, ‘‘हम अपने अमेरिकी सैन्यकर्मियों, अमेरिकी और मेजबान देश के नागरिकों, ठेकेदारों एवं उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेजबान देश के संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’ ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि मामले को ‘‘सुलझा लिया गया है।’’ प्रवक्ता के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना के सुरक्षाकर्मियों ने ड्रोन की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की और ब्रिटेन का रक्षा मंत्रालय यह पता लगाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है कि वास्तव में क्या हुआ था। ड्रोन से जुड़ी इस घटना के बाद ब्रिटेन में अमेरिकी सेना के उन अड्डों की संख्या तीन हो गई है, जिन्हें हाल के सप्ताहों में सुरक्षा संबंधी खतरों का सामना करना पड़ा है।

आरएएफ लेकनहीथ में शुक्रवार को सुरक्षा बलों की कार्रवाई से कुछ ही दिन पहले अमेरिका ने खतरे के मद्देनजर पूर्वी इंग्लैंड में एक अन्य सैन्य अड्डे आरएएफ मिल्डेनहॉल से 12 से अधिक विमान हटा लिए थे। विमानों को हटाए जाने के दौरान आरएएफ मिल्डेनहॉल में सुरक्षा सतर्कता का स्तर भी बढ़ाकर ‘एफपीकॉन चार्ली’ कर दिया गया था। यह सुरक्षा सतर्कता का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर है।

इससे कुछ सप्ताह पहले आरएएफ फेयरफोर्ड की ओर तीन संदिग्ध वैन जाती देखे जाने के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था। यह सैन्य अड्डा मिल्डेनहॉल और लेकनहीथ से करीब 240 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।

प्रमुख खबरें

Labh Panchami: कारोबार में सुख-समृद्धि के लिए लाभ पंचमी पर करें लक्ष्मी-गणेश पूजन, यह है शुभ समय

देश में रफ्तार का कहर: महाराष्ट्र, दिल्ली और केरल में भीषण सड़क हादसों ने ली 10 जानें, सड़क सुरक्षा पर फिर उठे गंभीर सवाल

INS Chilka में 3,358 Agniveer और नाविकों की पासिंग आउट परेड, 142 महिलाएं शामिल

शेनझेन में APEC Summit के इतर मिलेंगे Donald Trump, शी चिनफिंग और व्लादिमीर पुतिन