By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 22, 2023
रूस और यूक्रेन के अधिकारियों ने क्रीमिया के एक शहर में सोमवार को हमले के संबंध में अलग-अलग दावे किए हैं। यूक्रेन की सेना ने ट्रेन के जरिए ले जाईं जा रही रूसी क्रूज मिसाइल को नष्ट करने का दावा किया है। वहीं, रूस का दावा है कि यूक्रेन के ड्रोन ने जांकोई में असैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। यूक्रेन की सेना की प्रवक्ता ने संकेत दिया कि उत्तरी क्रीमिया के जांकोई में कैलिबर क्रूज मिसाइल को उसकी सेना ने नष्ट किया हालांकि सीधे तौर पर इसकी जिम्मेदारी नहीं ली।
सेना की खुफिया एजेंसी ने कहा कि मिसाइल को ट्रेन के जरिए ले जाया जा रहा था और इन्हें पनडुब्बी के जरिए प्रक्षेपित किया जाना था। हालांकि, रूस द्वारा नियुक्त क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्सेनोव ने घटना के बारे में अलग विवरण दिए हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के ड्रोन ने जांकोई में असैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
उन्होंने कहा कि हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया लेकिन कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर सोमवार को कई असत्यापित खबरों में दावा किया गया कि रूस की रक्षा प्रणाली ने क्रीमिया में कई ड्रोनों को गिरा दिया। इस संबंध में किसी भी खबर की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है। रूस ने यूक्रेन के क्रीमिया प्रायद्वीप पर 2014 में कथित तौर पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था।