T20 World Cup: Shivam Dube का तूफानी अर्धशतक, Netherlands को हराकर Super 8 में भारत की अजेय एंट्री

By अंकित सिंह | Feb 18, 2026

भारत ने टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में एक भी मैच न हारने के बाद टी20 विश्व कप 2026 के सुपर आठ में अपराजित रहते हुए प्रवेश किया है। इतिहास रचने की उम्मीद में, मौजूदा चैंपियन भारत ने बुधवार, 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए अपने आखिरी लीग मैच में नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराया। भारत ने लीग चरण में अपने सभी चार मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। अहमदाबाद में थोड़ी धीमी पिच पर बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने नीदरलैंड्स की जुझारू चुनौती को रोकने में कामयाबी हासिल की।

सूर्यकुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अभिषेक शर्मा का मौजूदा विश्व कप में खाता खुलने का इंतजार जारी रहा और वह लगातार तीसरे मैच में बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए। वह आर्यन की सीधी गेंद को पूरी तरह से चूककर बोल्ड हुए। तिलक ने वान बीक पर छक्का मारा जबकि बेहतरीन फॉर्म में चल रहे इशान किशन (18) ने भी इस तेज गेंदबाज पर चौका जड़ा। इशान ने कोलिन एकरमैन का स्वागत छक्के के साथ किया जबकि अगले ओवर में दत्त पर भी चौका जड़ा लेकिन इस ऑफ स्पिनर की अगली गेंद उनकी जांघ और फिर कोहनी से टकराकर विकेटों में समा गई। भारत ने पावर प्ले में दो विकेट पर 50 रन बनाए। सूर्यकुमार 13 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब वान बीक की गेंद पर माइकल लेविट ने उनका कैच टपका दिया। वान बीक के इसी ओवर में हालांकि रोलोफ वान डेर मर्व ने लॉन्ग ऑफ पर शानदार कैच लपककर तिलक की पारी का अंत किया। सूर्यकुमार ने 12वें ओवर में बास डि लीडे पर छक्के के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया जबकि शिवम ने अगले ओवर में एकरमैन पर दो छक्के और एक चौके के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया। सूर्यकुमार हालांकि तेज गेंदबाज काइल क्लेन के अगले ओवर में बाउंड्री पर कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 28 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का मारा।

भारत ने 15 ओवर में चार विकेट पर 118 रन बनाए। दुबे ने बाएं हाथ के स्पिनर वान डेर मर्व की फुलटॉस को दर्शकों के बीच पहुंचाया जबकि हार्दिक ने इस शॉट को दोहराया। दुबे ने 17वें ओवर में वान बीक पर दो छक्कों और एक चौके से 25 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। हार्दिक ने19वें ओवर में क्लेन पर दो छक्के मारे। दुबे ने भी वान बीक की पहली गेंद पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी टी वान डेर गुगटेन ने उनका शानदार कैच लपका। हार्दिक भी अंतिम गेंद पर वान डेर मर्व को कैच दे बैठे।

प्रमुख खबरें

France Social Media Ban: 15 साल से कम उम्र के बच्चों पर पाबंदी, President Macron का ऐतिहासिक फैसला

US-China Relations में सुधार की उम्मीद: Marco Rubio बोले- Xi Jinping की यात्रा से सुलझेंगे आपसी मतभेद

David Warner ने Drink Driving Case में स्वीकार किया अपना जुर्म, 18 August को कोर्ट सुनाएगी अंतिम सजा

Hanuma Vihari ने Shubman Gill की Captaincy पर उठाए सवाल, Kuldeep Yadav को बाहर रखना बताया बड़ी गलती