इस बार चुनाव में बेरोजगारी, महंगाई, महिला उत्पीड़न, अन्याय व भ्रष्टाचार बड़े मुद्दे होंगे : अखिलेश

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 09, 2024

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों की जिम्‍मेदारी व जवाबदेही तय करते हुए कहा कि इस बार के चुनाव (लोकसभा-2024) में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे। यहां सपा राज्य मुख्यालय में पार्टी के सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जनविरोधी नीतियों के चलते 2024 के लोकसभा चुनावों में उसे हराने को तैयार है।

यहां सपा मुख्‍यालय से जारी एक बयान के अनुसार यादव ने कहा, ‘‘भाजपा लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करती है। वह इस तरह की रणनीति अपनाती है जिससे मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटके। इस बार के चुनाव में लोकतंत्र बचाने से लेकर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे।’’

उन्‍होंने कहा, ‘‘चुनाव आ गया है, 100 दिन भी नहीं बचे, इसलिए पूरी तैयारी के साथ हमारे कार्यकर्ता, संगठन के सभी पदाधिकारी मिलकर काम करेंगे। उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी भूमिका समाजवादी पार्टी निभाने जा रही है। हमें अपने संगठन पर पूरा भरोसा है कि समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम, नीतियों, फैसलों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।’’ यादव ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी संगठन को सेक्टर और बूथ स्तर तक मजबूत कर रही है। सभी जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं को बूथस्तर पर चिह्नित करके जिम्मेदारी देंगे।’’

उन्‍होंने आरोप लगाते हुए कहा,‘‘कई जिलों में मतदाता सूची पर अच्छा काम हुआ है। बूथ स्तर पर नेता और कार्यकर्ता अधिकारियों के मिलकर कहां वोट कटा और कहां वोट बढ़ा उसकी जानकारी करेंगे और उस पर नज़र भी रखेंगे। क्योंकि चुनाव में भाजपा हर तरह का हथकंडा अपना सकती है। वह चुनाव आयोग को दबाव में भी ले सकती है।’’ सपा प्रमुख ने आरोप लगाया,‘‘भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया है। पहले खाद की बोरी से पांच किलोग्राम खाद कम किया गया, अब एक बार फिर पांच किलोग्राम खाद कम कर दिया गया जबकि कीमत उतनी ही है। जो खाद की बोरी 50 किलो की थी अब वह 40 किलो की रह गई है। उन्‍होंने कहा,‘‘भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों का 10 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कोई कर्ज माफ नहीं हुआ। भाजपा सरकार में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है।’’ उन्‍होंने कहा,‘‘समाजवादी पार्टी की कोशिश है कि जो गठबंधन बना है उसे मजबूत करे। गठबंधन में जो दल जहां से लड़ेगा समाजवादी पार्टी पूरी ताकत से उसकी मदद करेगी।

प्रमुख खबरें

Delhi Air Pollution पर बोला चीनी दूतावास, हमने समस्या की जड़ पर वार कर धुएं को उड़ा डाला

Karwar में नेवल बेस पर जासूसी! INS कदंबा के पास चाइनीज GPS ट्रैकर से लैस पक्षी मिला

हवन होने के बाद बची हुई राख का क्या करें? करें ये उपाय चमक उठेगी किस्मत

RSS chief Bhagwat ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन से मुलाकात की