Union Cabinet ने महिला आरक्षण बिल को दी मंजूरी, Lok Sabha में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने की तैयारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। संभावना है कि विधेयक को अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कुछ संशोधनों के साथ इस नए विधेयक को मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि इन संशोधनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में अन्य राज्यों की तुलना में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम न हो। उन्होंने बताया कि दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार ने हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने पर सहमति जताई है। वर्ष 2051 तक सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

नए विधेयक में बढ़ाई गई सीटों के नए सिरे से निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने राज्यों की सीटों की मौजूदा संख्या में बदलाव किए बिना संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करने का प्रस्ताव रखा है। प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की योजना है।

सत्तापक्ष का कहना है कि इस कदम से 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में बुलाई गई थी। सरकार ने इससे पहले अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान यह विधेयक पेश किया था, लेकिन इसे लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल सकी थी।

अब सरकार ने दावा किया है कि उसके पास इस विधेयक को पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सांसदों का समर्थन है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। सूत्रों के अनुसार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) द्वारा इस विधेयक का समर्थन किये जाने की उम्मीद है।

वहीं, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन इस विधेयक के खिलाफ है। विपक्षी गठबंधन के नेता शनिवार को बैठक कर अपनी रणनीति पर चर्चा करेंगे। सरकार ने संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र आहूत किया है।

इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक दो और तीन दिसंबर को होगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा, “जब सरकार कोई सत्र या विशेष सत्र आहूत करती है, तो इसका मतलब होता है कि देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण विधेयक (पारित करना) या कामकाज होना है।”

प्रमुख खबरें

Pakistan Border के पास India ने की Blackout Drill, रात को सायरनों की आवाज गूंजते ही काँप उठी मुनीर सेना

President Erdogan ने Mecca Defense Pact पर किए दस्तखत, Saudi Arabia संग सैन्य संधि पक्की

Balochistan: Washuk में रिहायशी घरों पर Drone Strike, पाकिस्तानी हमले में बुजुर्ग घायल

Pakistan के सरकारी संस्थानों पर बरसीं Mahrang Baloch, बलूचों पर व्यवस्थित दमन का आरोप