BJP प्रदेश अध्यक्ष Pankaj Chaudhary ने सपा पर साधा निशाना, लगाए गंभीर आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 04, 2026

लखनऊ, चार अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में उसकी सरकारों के शासनकाल में विकास से ज्यादा विवाद, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले सामने आए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चौधरी ने कहा कि लोहिया के आदर्शों के नाम पर राजनीतिक सफर शुरू करने वाली सपा के 34 वर्षों के राजनीतिक रिकॉर्ड में जनता के कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। सपा के 34वें स्थापना दिवस के दिन उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से सपा के पाप का घड़ा फोड़ा और कहा कि सपा के 34 वर्षों के राजनीतिक सफर का हिसाब अब जनता के सामने है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को लेकर विवाद लगातार चर्चा में रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2013 में हुई इस हिंसा में 60 से अधिक लोगों की मौत हुई और 50 हजार से अधिक लोगों को विस्थापित होना पड़ा था। उन्होंने तत्कालीन सरकार की कानून-व्यवस्था और तत्कालीन मंत्री आजम खान की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

चौधरी ने मुफ्त लैपटॉप योजना और बेरोजगारी भत्ते को लेकर भी सपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि करीब 15 लाख लैपटॉप खरीदे गए, लेकिन लगभग छह लाख ही वितरित किए गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बेरोजगारी भत्ते के मुकाबले प्रचार पर अधिक राशि खर्च किए जाने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने गन्ना किसानों, जेपीएनआईसी परियोजना, 72,825 शिक्षक भर्ती, जल निगम भर्ती, महिला सुरक्षा और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए तत्कालीन सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

प्रमुख खबरें

Germany के चांसलर Friedrich Merz ने Ukraine को दिया 1.3 अरब यूरो का नया पैकेज

TCS और Infosys जैसी प्रमुख IT Companies की Q2 आय वृद्धि रह सकती है धीमी

Pakistan को सेना की गोपनीय सूचनाएं भेजने के आरोप में असम से दो गिरफ्तार

GST Council की बैठक में छोटे ई-कॉमर्स विक्रेताओं और टैक्सपेयर्स को मिल सकती है बड़ी राहत