यूपी: ओवैसी पर गोली चलाने वाला है भाजपा का सदस्य, नेताओं के साथ फोटो आई सामने, पार्टी ने किया इनकार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 07, 2022

ऑल इंडिया मजलिस-ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक सचिन शर्मा को भाजपा का सदस्य बताया जा रहा है। उसकी फेसबुक प्रोफाइल में कई ऐसे फोटो हैं जो उत्तर प्रदेश के प्रमुख भाजपा नेताओं से उसका मेल मिलाप दिखाते हैं। आपको बताते चलें कि ओवैसी के काफिले पर 3 फरवरी 2022 को छजारसी टोल प्लाजा पर उस वक्त फायरिंग की गई, जब वह मेरठ में चुनाव से संबंधित एक कार्यक्रम के बाद दिल्ली रवाना हो रहे थे।

दादरी के दुर्यई गांव का रहने वाला सचिन शर्मा (25) गाजियाबाद की रॉयल कॉलेज से एलएलएम का छात्र है और मेरठ के एक कॉलेज से लॉ ग्रेजुएट है। इसके पिता इलाके की फैक्ट्रियों में लेबर कांट्रेक्टर हैं जो मजदूरों के हिसाब किताब का काम करते हैं। इसके घर की छत पर तिरंगे के नीचे बीजेपी का झंडा फहराया गया है।

 

मामले पर बात करते हुए सचिन के रिश्तेदार अमित शर्मा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि, अक्सर सचिन धर्म को लेकर बातें करता था। साथ ही चुनाव के प्रचार कार्यक्रमों में कही गई बातों से नाराज रहता था। रिश्तेदार कहते हैं कि वह इस बात की कल्पना भी नहीं कर सकते थे और परिजनों को यह भी पता नहीं कि उसके पास बंदूक कहां से आई।

ओवैसी पर गोलीबारी की घटना को लेकर अधिकारियों का कहना है कि, सचिन शर्मा ने पूछताछ में बताया कि वह ओवैसी के धर्म से संबंधित भाषणों से गुस्से में था। सचिन को हापुड़ जिले के छिजारसी टोल प्लाजा के पास से पकड़ा गया और उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। इसके अलावा घटना में शामिल दूसरे कथित साथी शुभम को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।

 

ओवैसी गोलीबारी कांड में पकड़ा गया सचिन शर्मा सोशल मीडिया पर बहुत सक्रिय था। वह अक्सर ही धर्म राजनीति और इतिहास से जुड़ी बातों को फेसबुक पर शेयर करता रहता था। नजीर के तौर पर उसने 2019 में 10 दिसंबर को किए गए पोस्ट में बॉलीवुड फिल्म में राजा सूरजमल के चित्र से हिंदू धर्म के लोगों का अपमान किए जाने के बारे में उल्लेख किया है।

इसके अलावा भी सचिन ने 15 सितंबर 2019 को अपने फेसबुक पोस्ट में एक शिकायत करते हुए बताया था कि समाज में हिंदुओं के भीतर एकता की कमी है, जिसके चलते कुछ समस्याओं ने जन्म ले लिया है। इस पोस्ट में सचिन ने लिखा कि वह धर्म के लिए अपने प्राण न्योछावर करने के लिए भी तैयार हैं। सचिन ने 16 फरवरी 2019 को की गई एक फेसबुक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश की थी कि उसे भारतीय सैनिकों का बदला लेने के लिए शरीर पर आरडीएक्स बांधकर पाकिस्तान भेजा जाए।

वहीं कुछ पोस्ट में सचिन को भाजपा के एक सांसद सहित कुछ नेताओं के साथ भी तस्वीर में देखा जा सकता है। साथ ही जुलाई 2019 की एक पोस्ट में सदस्यता पर्ची भी दिखती है। हालांकि पार्टी की स्थाई इकाई ने सचिन के पार्टी से जुड़े होने से इनकार किया है। इसके साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला प्रमुख राजनगर ने कहा कि हमें घटना के बारे में पता चला है और उनकी (सचिन शर्मा) कई नेताओं के साथ तस्वीरें भी देखी गई हैं। वह अपने दम पर सक्रिय थे, वह ना तो पार्टी के सदस्य हैं और ना ही पदाधिकारी हैं।

प्रमुख खबरें

NEET Re-exam से पहले NTA की सख्त चेतावनी: गड़बड़ी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

NEET UG Re-exam: धर्मेंद्र प्रधान की हाई-लेवल मीटिंग, बोले- पारदर्शिता से समझौता नहीं

चंदा चोरी विवाद के बीच अयोध्या पहुंच रहे CM योगी, मंच से नदारद रहेंगे Champat Rai!

Cristiano Ronaldo ने FIFA World Cup में रचा नया इतिहास, बने सबसे उम्रदराज़ आउटफ़ील्ड स्टार्टर