UP CM Yogi Adityanath की मां सावित्री देवी का निधन, Pauri Garhwal में ली अंतिम सांस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तरखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शोक जताया है। पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से उनके निधन की पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पुलिस एवं जिला प्रशासन परिवार के सदस्यों के संपर्क में हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

उन्होंने इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक समाचार बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित उनके शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मां के निधन की खबर मिलने के समय योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे, उन्हें दिन में दो अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होना था।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तराखंड जाएंगे या नहीं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां का निधन जीवन के सबसे असहनीय दुखों में से एक है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस खबर को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई तथा उन्हें दुख सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। दोनों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय सचिव सत्येंद्र सिन्हा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में भी मुख्यमंत्री का अपनी आधिकारिक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण दूसरों के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ देश के 1.4 अरब लोगों को अपना परिवार मानते हैं। सिन्हा ने याद दिलाया कि अप्रैल 2020 में योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का लंबी बीमारी के बाद नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया था।

कोविड-19 लॉकडाउन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के कारण योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। उनके पिता का अंतिम संस्कार उत्तराखंड में किया गया था।

प्रमुख खबरें

लातूर में 25 हजार के कर्ज पर हड़पी 4.5 एकड़ जमीन 30 साल बाद बुजुर्ग महिला को मिली वापस

Tiger Shroff की नई एक्शन फिल्म Vajra में विलेन बनेंगे Mohit Malik, जापान में होगी फिल्म की शूटिंग

बिहार में एनडीए सरकार का एक साल: विकास की नई दिशा और आर्थिक बदलाव की तैयारी

Tulsi Vivah पर घर के आंगन और बालकनी के लिए 7 आसान Rangoli Designs