By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 27, 2025
उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाया जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शुक्रवार को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ ‘सुरक्षित कार्यस्थल-सशक्त नारी’ अभियान और सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और यौन उत्पीड़न से संरक्षण संबंधी कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और रोकथाम) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के प्रति प्रतिभागियों और आमजन को जागरूक करना था।
एक बयान के मुताबिक, अभियान के पहले दिन विभिन्न आयोजनों में प्रदेश की लगभग 50,000 महिलाओं ने हिस्सा लिया। बयान में कहा गया कि जागरूकता अभियान में सरकारी-निजी कार्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य, छात्राएं, अधिवक्ता, श्रमिक संगठन और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि शामिल रहे।
इसमें कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महिला सशक्तीकरण मुहिम का हिस्सा यह अभियान कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न को समाप्त करने की दिशा में नया आयाम जोड़ रहा है।
‘मिशन शक्ति-5.0’ का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव लीना जौहरी ने कहा कि ‘मिशन शक्ति 5.0’ केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं है, बल्कि यह एक सतत सामाजिक परिवर्तन का अभियान है।
उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और रोकथाम) अधिनियम, 2013 के प्रति जागरूकता इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जौहरी ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य है कि हर कार्यस्थल महिलाओं के लिए न केवल सुरक्षित हो, बल्कि ऐसा वातावरण बने जहां वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकें। हर महिला तभी सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनेगी, जब समाज स्वयं जिम्मेदारी लेकर आगे आए।