By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2025
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के एक गांव में शुक्रवार शाम को दलितों के मोहल्ले में लगी आग में नौ घर जलकर खाक हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अंतू थाना के प्रभारी अनंत पाल सिंह ने बताया, ‘‘आग लगने का कारण की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, दमकल विभाग और ग्रामीणों की मदद से हम काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफल रहे।’’
अधिकारियों के अनुसार, घरेलू सामान के अलावा आग में कई बकरियां भी जलकर मर गईं। उप जिलाधिकारी नैन्सी सिंह ने कहा,‘‘मैंने राजस्व अधिकारी को नुकसान का गहन आकलन करने के निर्देश दिए हैं और स्थानीय राशन डीलर को प्रभावित परिवारों को तुरंत भोजन और आवश्यक आपूर्ति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।