By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 25, 2026
उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने इस साल 23 सितंबर तक 69 मामलों में करीब 78.50 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियां जब्त की हैं। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, पुलिस और एएनटीएफ ने मादक पदार्थों के तस्करों की संपत्तियों को निशाना बनाने के साथ-साथ उनके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ की अवैध तस्करी की रोकथाम अधिनियम (पीआईटी-एनडीपीएस) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी शुरू की है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं है, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क को तोड़ना और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से कथित तौर पर अर्जित संपत्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई करना है।
जांच और संबंधित पक्ष को सुनवाई का अवसर दिए जाने के बाद इन्हें स्थायी रूप से जब्त किया जा सकता है। डीजीपी ने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य नशा तस्करों को आर्थिक रूप से कमजोर करने के साथ-साथ उनके मादक पदार्थों के नेटवर्क को भी ध्वस्त करना है।