Maharajganj में पुलिस और ATS का बड़ा एक्शन, 122 किलो गांजे के साथ दो तस्कर दबोचे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026

महराजगंज, पांच नवंबर उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में पुलिस और आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) की संयुक्त टीम ने करीब 60 लाख रुपये मूल्य का 122.975 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बृहस्पतिवार को बताया कि ठूठीबारी पुलिस और एटीएस की सिद्धार्थनगर तथा गोरखपुर इकाइयों ने सूचना के आधार पर नौबारी गांव के पास संयुक्त कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक कार से गांजे की खेप बरामद की गई और उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशीनगर जिले के चैनपट्टी गांव निवासी नईमुन निशा उर्फ जहांतारा (49) और आजाद नगर निवासी राजेंद्र गौड़ उर्फ रविंद्र (50) के रूप में हुई है। अवस्थी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 122.975 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार जब्त कर ली गई। उन्होंने बताया कि बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में ठूठीबारी थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र गौड़ के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं, इनमें से एक मामला वर्ष 2020 में कुशीनगर और दूसरा वर्ष 2023 में बस्ती जिले में दर्ज किया गया था।

प्रमुख खबरें

Janakpuri में फर्जी कॉल सेंटर से बीमा ठगी करने वाले 43 लोग पकड़े गए

Cristiano Ronaldo का Portugal टीम से संन्यास का फैसला, 23 साल के करियर पर लगेगा विराम

सूरत में सहकर्मी की गर्दन काटकर हत्या, आरोपी सचित्रकुमार नरेंद्र बल गिरफ्तार

अंबाला में Amit Shah ने 1857 क्रांति के भव्य शहीद स्मारक और संग्रहालय का लोकार्पण किया