PM Narendra Modi के 25 साल पूरे होने पर UP में चलेगा Seva Sankalp Abhiyan

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 10, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल की मौजूदगी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

साथ ही केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों और राज्य सरकार द्वारा पिछले 10 वर्षों में किए गए विकास कार्यों का ब्योरा तैयार किया गया है। अभियान के दौरान कल्याणकारी योजनाओं, विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों और जनभागीदारी पर केंद्रित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस : आशीर्वाद का दीया’ मनाया जाएगा।

इस दौरान शाम सात बजे लाभार्थियों के घरों और प्रमुख विकास परियोजनाओं पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत : चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत शिक्षण संस्थानों में चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ के तहत सांस्कृतिक दल नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित करेंगे।

सरकार ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम भी शुरू करेगी, जिसके तहत 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियों पर आधारित 60 सेकंड की रील तैयार की जाएंगी। इनमें आवास और स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के साथ-साथ प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़े लोगों की कहानियां शामिल होंगी। ‘इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’ के तहत 150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्ट संचालक और व्लॉगर प्रमुख विकास परियोजनाओं का दौरा करेंगे और उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव को प्रदर्शित करेंगे।

सेवा संकल्प अभियान में रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, शैक्षणिक सहायता, जल संरक्षण और साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसी स्वैच्छिक गतिविधियां भी शामिल होंगी। कम से कम 25 मिनट की स्वैच्छिक सेवा करने और उसकी फोटो या वीडियो ‘माई भारत पोर्टल’ पर अपलोड करने वाले नागरिकों को डिजिटल प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। हर विकासखंड में सात दिवसीय ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लिए जानकारी, आवेदन और पात्रता सत्यापन की सुविधा दी जाएगी।

इसके अलावा वाराणसी से विशेष ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ शुरू की जाएगी, जिसमें 250 मोटरसाइकिलों पर 500 प्रतिभागी गंगाजल लेकर वडनगर जाएंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा, जिसमें ग्राम प्रधानों से लेकर सांसदों तक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को दोहराएंगे।

प्रमुख खबरें

China के Qingdao बंदरगाह पर मालवाहक जहाज में लगी आग, 20 लोगों की मौत

आसान नहीं है सच के साथ खड़े रहना: प्रो. संजय द्विवेदी

Crude Oil में उछाल, WTI 100 डॉलर और Brent 105 डॉलर प्रति बैरल के पार

उत्तर प्रदेश में सनातन और विकास की गूंज