UP STF ने Lucknow में दबोचा 50 हजार का इनामी बदमाश Pratap Gosain

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बहराइच में सर्राफा व्यापारी से लूट के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश और कथित गैंग सरगना बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं को बुधवार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक गोसाईं को ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित कम्बाइन्ड अस्पताल परिसर के साइकिल स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। बयान के अनुसार वह मूल रूप से गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र के कुम्भौरा गांव का निवासी है और लखनऊ के पारा क्षेत्र स्थित न्यू कुमार पुरम में रह रहा था।

अधिकारियों के अनुसार आरोपी अप्रैल 2026 में बहराइच के कैसरगंज में एक सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना में वांछित था और इस संबंध में कैसरगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। बयान के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह चोरी, लूट और छिनैती करने वाले एक संगठित गिरोह का सरगना है और उसके गिरोह के सदस्य विशेष रूप से सर्राफा कारोबारियों की टोह लेकर उन्हें निशाना बनाते थे। इस मामले में उसके तीन साथी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गोंडा, बहराइच और अन्य जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी समेत 41 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बहराइच पुलिस को सौंपा जा रहा है।

प्रमुख खबरें

Odisha Assembly में सीएम Mohan Charan Majhi ने 24,150 करोड़ का अनुपूरक बजट रखा

Punjab में Congress ने बनाई 42 सदस्यीय चुनाव समिति, Pargat Singh बने अध्यक्ष

Rishikesh के पास 100 करोड़ की लागत से बनेगा Shivalik Eco Park, दो चरणों में होगा काम

भ्रष्टाचार के आरोप में IAS Shikhar Agrawal और गोयल फैशन्स पर ACB की प्राथमिकी