By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 29, 2025
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में घर में घुसकर छात्रा से कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के संबंध में पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि दुबे उसकी 21 वर्षीय बेटी का लगातार पीछा करता था और कई मोबाइल नम्बरों से अश्लील संदेश भेजता था, जिसकी वजह से उसकी बेटी ने स्कूल जाना छोड़ दिया था।
पुलिस ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया कि दुबे उसके घर में घुस जाता था और उसकी बेटी से अश्लील हरकतें करता था। महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि घर में घुसने से मना करने पर युवक ने उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
महिला ने शिकायत में कहा कि दुबे की हरकतों से परेशान होकर उसकी बेटी ने इस साल 11 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि इस सिलसिले में 13 जुलाई को उसने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
महिला ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक से गुहार लगायी और उनके आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम ने बताया कि आरोपी फरार है और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।