UP में Voter List दुरुस्त करने के लिए 17 से 20 नवंबर तक बूथों पर चलेगा सत्यापन अभियान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने सोमवार को बताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए निर्वाचन आयोग विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर) के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर सत्यापन अभियान चलाएगा। यह अभियान 17 से 20 नवंबर तक चलेगा। रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस अभियान के दौरान मतदाता सूचियों की गहन जांच और सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि उनमें मौजूद त्रुटियों और विसंगतियों को दूर किया जा सके।

इस प्रक्रिया के तहत बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) टेबल टॉप एक्सरसाइज करेंगे और अपने-अपने मतदान केंद्रों की पूरी मतदाता सूची की जांच करेंगे। वहीं, बीएलओ पर्यवेक्षक अपने अधिकार क्षेत्र के सभी बूथों पर मतदाता सूचियों का समग्र सत्यापन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए 17 नवंबर को प्रत्येक बीएलओ को मतदाता सूची का प्रारूप उपलब्ध करा दिया जाएगा।

जांच के दौरान मतदाताओं के नाम, उनके पिता या पति के नाम, रिश्तेदारों के विवरण और उम्र से जुड़ी गलतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, ऐसी प्रविष्टियों की पहचान की जाएगी जिनमें मतदाताओं की उम्र असामान्य रूप से अधिक दर्ज है। इसके अलावा अधिकारी यह भी जांचेंगे कि मतदाता सूची में दर्ज लिंग का विवरण संबंधित मतदाता के नाम और तस्वीर से मेल खाता है या नहीं।

उनके रिश्तेदारों के लिंग संबंधी विवरणों की भी जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में क्षेत्रीय और स्थानीय भाषाओं के इस्तेमाल की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अन्य राज्यों की भाषाओं का अनावश्यक रूप से इस्तेमाल न हुआ हो। धुंधली, अस्पष्ट या खराब गुणवत्ता वाली तस्वीरों को भी चिह्नित किया जाएगा।

रिणवा ने अधिकारियों को मतदाता सूची में दोहराव वाली प्रविष्टियों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। इनमें एक ही मतदाता का एक से अधिक बार पंजीकरण या समान जानकारी वाली प्रविष्टियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाली सभी गलतियों और विसंगतियों को व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जाएगा, ताकि दावे और आपत्तियां दाखिल करने की निर्धारित अवधि के दौरान नियमों के अनुसार उनमें आवश्यक सुधार किए जा सकें।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को प्रतिदिन इस प्रक्रिया की समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी बीएलओ तथा पर्यवेक्षक 17 से 20 नवंबर के बीच सत्यापन का काम पूरा कर लें। जिला निर्वाचन अधिकारियों को भी अभियान की बारीकी से निगरानी करने और मतदाता सूचियों की सटीकता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख खबरें

Romelu Lukaku ने International Football से संन्यास लिया Belgium के लिए दागे 94 गोल

Tamil Nadu: पुस्तकालयों में पुस्तक खरीद घोटाले पर DVAC का छापा, प्रकाशक गिरफ्तार

पंजाब में 2027 चुनाव विकास के मुद्दों पर लड़ेगी AAP, Bhagwant Mann ने तरनतारन में किया एलान

Gurdaspur में Punjab Police के हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या