By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 01, 2026
लखनऊ, एक नवंबर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से तीन दिन तक आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में 68 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। रविवार शाम जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने के आरोप में दो अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि 67 अन्य अभ्यर्थियों को संदिग्ध चिह्नित किया गया।
इस प्रकार कुल 68.79 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। बयान के मुताबिक, परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल के प्रयासों पर आयोग और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। रविवार को मैनपुरी जिले में एक अभ्यर्थी राकेश कुमार के पास ब्लूटूथ उपकरण मिलने पर उसके खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
इसमें बताया कि तीनों दिन की परीक्षा के दौरान कुल दो अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके अलावा, कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित मिलान प्रणाली की मदद से 67 अभ्यर्थियों को संदिग्ध चिह्नित किया गया। जांच के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बयान के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर लगे 31,602 सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। निगरानी के लिए आयोग के कार्यालय में एक केंद्रीय कमान एवं नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था। इसके अलावा, परीक्षा वाले सभी जिलों में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्षों और सीसीटीवी कैमरों से सीधी निगरानी की व्यवस्था की गई थी।
परीक्षा के सुचारू संचालन और निगरानी के लिए 2,744 सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा लगभग 93,738 अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया था। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की गई थी।