Uruguay ने अंतरराष्ट्रीय मैत्री फुटबॉल मैच में India को 6-1 से हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 06, 2026

कोलकाता, छह अक्टूबर उरुग्वे ने मंगलवार को यहां अंतरराष्ट्रीय मैत्री फुटबॉल मैच में दूसरे हाफ में आक्रामक प्रदर्शन करते हुए भारत को 6-1 से करारी शिकस्त दी। दो बार की विश्व चैंपियन टीम को डार्विन नुनेज ने 11वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर बढ़त दिलाई। परमवीर सिंह को बॉक्स के अंदर फेडेरिको विनास के खिलाफ फाउल करने का दोषी ठहराए जाने के बाद उरुग्वे को पेनल्टी मिली थी।

हालांकि भारत ने शानदार जवाब देते हुए 22वें मिनट में अनिरुद्ध थापा के गोल से बराबरी कर ली। रयान विलियम्स के शॉट को गोलकीपर थियागो कार्डोजो ने रोक दिया लेकिन थापा ने रिबाउंड पर गोल कर दिया। उरुग्वे ने 28वें मिनट में मैक्सिमिलियानो अराउजो के गोल से फिर बढ़त हासिल कर ली।

भारतीय रक्षापंक्ति की चूक का फायदा उठाते हुए अराउजो ने नजदीक से गेंद को गोल में पहुंचाया। पहले हाफ के आधे घंटे के तुरंत बाद बिजली चमकने के कारण खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। मौसम से जुड़ी इस बाधा के बाद मुकाबला दोबारा शुरू हुआ।

दूसरे हाफ में भारत उरुग्वे के आक्रामक खेल का सामना नहीं कर सका। रोड्रिगो सालाजार ने 53वें मिनट में उरुग्वे की ओर से तीसरा गोल किया। इसके छह मिनट बाद अराउजो ने अपना दूसरा गोल करके स्कोर 4-1 कर दिया और इसके साथ ही भारत की वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई।

उरुग्वे ने भारतीय रक्षापंक्ति में मौजूद खाली जगहों का लगातार फायदा उठाया। जुआन मैनुअल सनाब्रिया ने 71वें मिनट में पांचवां गोल किया जबकि रोड्रिगो अगुइरे ने 86वें मिनट में छठा गोल दागकर भारत की करारी हार पूरी कर दी। यह हार खालिद जमील की टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों की श्रृंखला का निराशाजनक अंत रही।

भारत ने इससे पहले पनामा के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था और फिर शनिवार को पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के हाथों 0-4 से हार गया था।

प्रमुख खबरें

SAD-BJP गठबंधन पर पंजाब Congress का हमला, अस्तित्व बचाने के लिए बताया मौकापरस्त समझौता

बिहार में Tiger Analytics स्थापित करेगी AI डिलीवरी सेंटर, Samrat Choudhary ने दी जानकारी

Haridwar Ardh Kumbh 2027: जूना अखाड़े के संतों का नगर प्रवेश, धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत

पंजाब चुनाव के लिए Congress की बैठक, Sachin Pilot ने साफ छवि और युवाओं पर दिया जोर