अमेरिका में वीभत्स हत्याकांड: पत्नी की हत्या कर आरी से शव के टुकड़े करने वाला नेपाली-अमेरिकी नरेश भट्ट दोषी करार

By रेनू तिवारी | Nov 11, 2026

अमेरिका की एक अदालत में न्याय की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया गया है। नेपाली-मूल के अमेरिकी नागरिक नरेश भट्ट को अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या और साक्ष्य छिपाने के जुर्म में अदालत ने 'फर्स्ट-डिग्री मर्डर' (प्रथम श्रेणी की हत्या) का गंभीर दोषी ठहराया है। अदालत में सुनवाई के दौरान नरेश भट्ट ने खुद यह चौंकाने वाला और दहला देने वालाबयान दिया था कि उसने अपनी पत्नी के शरीर को आरी से काटकर ठिकाने लगाया था। हालांकि, उसने यह मनगढ़ंत दावा भी किया था कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या की थी और घबराहट में उसने शव के टुकड़े किए। लेकिन जूरी ने उसके इस झूठे तर्क को सिरे से खारिज कर दिया। विडंबना यह है कि मृतका का शव आज तक बरामद नहीं किया जा सका है।

जूरी ने 39 वर्षीय नरेश भट्ट को दो अन्य आरोपों में भी दोषी पाया, जिनमें अपनी पत्नी के शव को छिपाना और उसके साथ छेड़छाड़ करना शामिल है। इस फैसले के साथ ही दो साल से चल रहा यह मामला अब खत्म हो गया है।

जज ने नरेश भट्ट की जमानत रद्द कर दी है और 12 मार्च को उसे सजा सुनाई जाएगी। उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है, साथ ही शव के साथ छेड़छाड़ के हर आरोप के लिए 5-5 साल की अतिरिक्त सजा भी मिल सकती है।

जूरी ने एक महीने से अधिक समय तक कई गवाहों के बयान सुने। इनमें ममता कफ्ले की मां गीता और भाई महेश शामिल थे, जिन्होंने एक अनुवादक के जरिए अपनी गवाही दी। पीड़िता की करीबी दोस्त और सहकर्मी, सुनीता बस्नेत ने भी अदालत में गवाही दी।

फैसला सुनाए जाते समय नरेश भट्ट के चेहरे पर कोई भाव नहीं था; उसने बस कुछ पल के लिए अपने वकील से बात की। ममता कफ्ले के परिवार वाले एक-दूसरे को गले लगाते दिखे और उनमें से एक ने सरकारी वकील (प्रॉसिक्यूटर) को धन्यवाद दिया।

अपनी गवाही के दौरान, नरेश भट्ट ने दावा किया कि 29 जुलाई 2024 को वह रात करीब 8 बजे अपनी छोटी बेटी के साथ सोने चला गया था। उसकी पत्नी ऊपर नहीं आई थी। सुबह करीब 4 बजे, जब वह टॉयलेट जाने के लिए उठा, तो उसे घर में एक अजीब सी गंध आई। उसने दावा किया कि जब वह बेडरूम में वापस लौटा, तो उसने देखा कि ममता कफ्ले बिस्तर के निचले हिस्से की तरफ पीठ के बल लेटी हुई थी।

उसके चारों ओर उल्टी पड़ी थी, जिसमें कुछ गोलियां और खून था। पास ही 'सेल्फोस' (Celphos) का एक खुला पैकेट भी पड़ा था, जो एक बेहद जहरीला कीटनाशक है। उसने गवाही दी कि उसने लगभग एक घंटे तक उसे होश में लाने की कोशिश की, और जब उसे एहसास हुआ कि उसकी मौत हो चुकी है, तो वह उसके शव को बाथरूम में ले गया। 39 वर्षीय व्यक्ति ने बताया कि वह घबरा गया था और उसे बहुत डर लग रहा था।

जब अदालत में नरेश भट्ट से पूछा गया कि उसने 911 पर कॉल क्यों नहीं किया, तो उसने कहा, "मुझे नहीं पता कि मैंने ऐसा क्यों नहीं किया। मैंने कॉल करने की कोशिश की थी। मैं बहुत डरा हुआ था। पता नहीं क्यों, मुझ पर कुछ हावी हो गया था। मैं बहुत ज़्यादा घबरा गया था। मुझे नहीं पता।"

कौन थीं ममता कफ्ले भट्ट? और कैसे खुला राज?
28 वर्षीय ममता कफ्ले भट्ट अमेरिका के वर्जीनिया राज्य के मनासास (Manassas) स्थित एक प्रतिष्ठित मेडिकल सेंटर में रजिस्टर्ड नर्स (Registered Nurse) के रूप में सेवारत थीं। अपनी मेहनत और शालीन स्वभाव के कारण वह अपने कार्यक्षेत्र और दोस्तों के बीच काफी लोकप्रिय थीं।

घटना की उस मनहूस रात के बाद, उनके पति नरेश ने शुरुआत में ऐसा नाटक किया मानो उसे कुछ पता ही न हो। उसने पुलिस और स्थानीय मीडिया को यह झूठी कहानी सुनाई कि उसने ममता को आखिरी बार अपने साथ डिनर टेबल पर देखा था और उसके बाद वह गायब हो गई। उसने खुद ही थाने जाकर उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

लेकिन ममता के परिवार और सहयोगियों को उसकी यह कहानी शुरू से ही संदिग्ध और पचने योग्य नहीं लगी, खासकर इसलिए क्योंकि ममता और नरेश की नन्ही बेटी का पहला जन्मदिन आने में अब केवल कुछ ही हफ्ते बचे थे। एक मां अपनी बच्ची को छोड़कर अपनी मर्जी से कभी दूर नहीं जा सकती थी। इस संदेह के आधार पर जब पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की, तो कड़ियों से कड़ियां जुड़ती चली गईं और अंततः नरेश भट्ट की घिनौनी करतूत और उसके द्वारा किए गए कत्ल का पर्दाफाश हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रमुख खबरें

मौजूदा विदेश नीति में नैतिकता और दूरदृष्टि का अभाव: Salman Khurshid

Ladakh MP Mohammad Haneefa ने LAHDC चुनाव मई के बाद कराने की मांग उठाई

अस्पताल खरीद मामले में DGHS की पूर्व प्रमुख डॉ. वत्सला अग्रवाल को Delhi High Court से मिली जमानत

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बड़ा आतंकी हमला: मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने CRPF चेकपोस्ट पर की अंधाधुंध फायरिंग, तीन जवान घायल