Prabhasakshi NewsRoom: Gautam Adani Bribery Case से जुड़े तीन मामले एक ही न्यायाधीश को सौंपे गये

By नीरज कुमार दुबे | Jan 04, 2025

अमेरिका की एक अदालत ने रिश्वतखोरी मामले में भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी और अन्य के खिलाफ दायर आपराधिक एवं दीवानी मामलों को 'आपस में जुड़ा हुआ' बताते हुए उन्हें आपराधिक मामला देख रहे न्यायाधीश के ही सुपुर्द कर दिया है। अमेरिका में न्यूयॉर्क पूर्वी जिले की जिला अदालत की वेबसाइट पर उपलब्ध आदेश में कहा गया है कि अदाणी एवं अन्य से संबंधित तीनों मामले जुड़े हुए हैं लिहाजा इस मामले को जिला न्यायाधीश निकोलस गरौफिस को सौंप दिया गया है। हम आपको बता दें कि आदेश में कहा गया है, "न्यायिक दक्षता को बढ़ावा देने और विरोधाभासी अनुसूचियों से बचने के लिए तीनों मामलों को संबंधित के रूप में चिह्नित किया गया है। तीनों मामलों को सबसे पहले दायर अभियोग के लिए नियुक्त न्यायाधीश को सौंपा जाएगा जो अमेरिका बनाम अदाणी एवं अन्य वाद था जिसका आदेश मजिस्ट्रेट न्यायाधीश वेरा एम स्कैनलन ने 12 दिसंबर, 2024 को दिया था।"

इसे भी पढ़ें: Adani bribery case: अमेरिका में अडानी ग्रुप के खिलाफ 3 मामले हुए कंबाइन, जानें किन-किन मुकदमों को जोड़ा गया?

अदाणी समूह के प्रवक्ता ने पिछले महीने मामला दायर होने के बाद कहा था, "अमेरिकी न्याय विभाग और अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग द्वारा अदाणी ग्रीन के निदेशकों के खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं...।’’ अदाणी समूह के प्रवक्ता ने अमेरिकी न्याय विभाग के एक बयान की ओर इशारा करते हुए कहा था, "अभियोग में लगाए गए आरोप महज आरोप हैं और जब तक दोषी साबित नहीं हो जाते, तब तक प्रतिवादियों को निर्दोष माना जाता है। इसमें सभी संभव कानूनी उपाय किए जाएंगे"। 

हम आपको याद दिला दें कि पिछले साल नवंबर में प्रतिभूति और विनिमय आयोग ने गौतम अदाणी, सागर अदाणी और एज्योर पावर ग्लोबल लिमिटेड के एक कार्यकारी सिरिल कैबनेस के खिलाफ रिश्वतखोरी और उसकी साजिश रचने का आरोप लगाया था। न्यूयॉर्क के पूर्वी जिले के अटॉर्नी कार्यालय ने गौतम अदाणी, सागर और कैबनेस के अलावा अदाणी ग्रीन और एज्योर पावर से जुड़े अन्य व्यक्तियों के खिलाफ आपराधिक आरोपों को उजागर किया था।

आपराधिक अभियोग में गौतम अदाणी, सागर और विनीत एस जैन पर "झूठे और भ्रामक बयानों के आधार पर अमेरिकी निवेशकों और वैश्विक वित्तीय संस्थानों से धन प्राप्त करने की कई अरब डॉलर की योजना में उनकी भूमिका के लिए प्रतिभूति धोखाधड़ी और मूल प्रतिभूति धोखाधड़ी करने की साजिश रचने" का आरोप लगाया गया है। इस अभियोग में न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में कारोबार कर चुकी एक नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी के पूर्व अधिकारियों रंजीत गुप्ता और रूपेश अग्रवाल और एक कनाडाई संस्थागत निवेशक के पूर्व कर्मचारियों- सिरिल कैबनेस, सौरभ अग्रवाल और दीपक मल्होत्रा के भी नाम हैं।

प्रमुख खबरें

PM Modi का जाम मुक्त Delhi का सपना होगा साकार, Nitin Gadkari ने बताया पूरा Master Plan

Human Trafficking केस में बड़ा मोड़! 12 बच्चों को America भेजने के आरोपी को Delhi Court ने दी जमानत

India-Nordic Summit से यूरोप में बढ़ेगी भारत की धाक, PM Modi की Oslo यात्रा के क्या हैं मायने?

Inflation पर Rahul Gandhi का सीधा हमला, जब तक मौजूदा सरकार नहीं बदलती, महंगाई बढ़ती रहेगी