Illinois Hindu Temple हमले की साजिश को Hate Crime मानकर जांच करे FBI, 105 अमेरिकी सांसदों की मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026

अमेरिका के 105 से अधिक सांसदों ने संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल को पत्र लिखकर इलिनॉय में एक मंदिर पर गोलीबारी की साजिश की घृणा अपराध के तौर पर जांच किए जाने का अनुरोध किया है। सांसदों ने भारतीय-अमेरिकियों को निशाना बनाकर इंटरनेट पर दी जा रही धमकियों से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी मांगी है। राजा कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में सांसदों ने यह पत्र शिकागो के पास ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में 19 वर्षीय एक युवक द्वारा गोलीबारी करने का प्रयास किए जाने के कुछ दिनों बाद लिखा है।

पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल, रो खन्ना, अमी बेरा, सुहास सुब्रमण्यम और श्री थानेदार भी शामिल हैं। सांसदों ने गृह मंत्रालय की एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया, जिसमें एक सिख व्यक्ति की तस्वीर के साथ लिखा था, ‘‘हमारी सड़कों से हट जाओ, तुम गाड़ी चलाना नहीं जानते, मिस्टर सिंह।’’ इसके अलावा, उन्होंने शिक्षा विभाग की एक पोस्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें टेक्सास के एक रिपब्लिकन नेता द्वारा टेक्सास विश्वविद्यालय के फुटबॉल मैच में दक्षिण एशियाई मूल के लोगों की मौजूदगी पर आपत्ति जताए जाने के बाद ‘‘मेक कॉलेज फुटबॉल ग्रेट अगेन’’ लिखा गया था। सांसदों ने 20 अक्टूबर को लिखे पत्र में कहा, ‘‘हम इस बात को लेकर भी बेहद चिंतित हैं कि प्रशासन के बयानों से इन समुदायों के प्रति शत्रुता कम होने के बजाय और बढ़ सकती है।’’ उन्होंने सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दक्षिण एशियाई मूल के लोगों के खिलाफ नफरत फैलाने वाली 5,42,000 से अधिक पोस्ट की पहचान की गई थी।

रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2024 से जून 2026 के बीच ऐसी पोस्ट की मासिक संख्या में लगभग 240 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सांसदों ने एफबीआई से यह स्पष्ट करने का अनुरोध किया है कि क्या वह ऑरोरा मामले में संभावित नस्लीय, जातीय और धार्मिक पूर्वाग्रह के पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी पूछा है कि क्या किसी ऑनलाइन मंच या अन्य व्यक्ति ने इस कथित साजिश को बढ़ावा दिया था और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Shreyas Iyer बोले- अभिषेक और सैमसन के रहते Vaibhav Suryavanshi को मौका मिलना आसान नहीं

Delhi AQI 233 दर्ज, न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

Bhubaneswar में विसर्जन पर DJ बजाया तो दुर्गा पूजा समितियों पर दर्ज होगा आपराधिक केस

Yemen के Taiz शहर में Houthi हमला, रिहायशी इलाके में दो किशोरियों की मौत