By अभिनय आकाश | Jan 17, 2026
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार, मनोरंजन, प्रौद्योगिकी और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने के लिए रणनीतिक प्राथमिकताओं पर चर्चा की। अमेरिकी राजदूत ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा आज मेरी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ एक शानदार मुलाकात हुई! हमने व्यापार और निवेश, मनोरंजन, प्रौद्योगिकी, विनिर्माण, ऊर्जा और स्वास्थ्य सहित प्रमुख क्षेत्रों में संयुक्त राज्य अमेरिका और महाराष्ट्र के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए हमारी साझा रणनीतिक प्राथमिकताओं पर चर्चा की। हम मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं!
इससे पहले, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने शनिवार को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा से मुलाकात कर विशेष रूप से प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में गोर ने कहा कि आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा से मिलकर बहुत अच्छा लगा। हमने अत्याधुनिक अमेरिकी प्रौद्योगिकी सहित सहयोग बढ़ाने के क्षेत्रों पर चर्चा की। गोर ने भारत यात्रा के दौरान टाटा कंपनीज के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन से भी मुलाकात की। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, टाटा कंपनीज के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन के साथ मेरी एक सार्थक बैठक हुई। टाटा कंपनीज एक 150 साल पुरानी प्रभावशाली विरासत और अमेरिका में महत्वपूर्ण उपस्थिति वाला समूह है।