अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: आयोवा कॉकस में ट्रंप की जीत, रामास्वामी ने दावेदारी वापस ली

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 16, 2024

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयोवा कॉकस में शानदार जीत के साथ राष्ट्रपति पद के आगामी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने की अपनी दावेदारी को और पुख्ता कर दिया। दूसरी ओर, राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने के एक अन्य दावेदार भारतीय-अमेरिकी उद्यमी विवेक रामास्वामी ने आयोवा कॉकस में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अपनी दावेदारी वापस ले ली। अमेरिका के अगले राष्ट्रपति के लिए चुनाव पांच नवंबर को होगा जिसमें रिपब्लिकन उम्मीदवार और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार का आमना-सामना होगा। आयोवा कॉकस में फ्लोरिडा के गवर्नर आर डीसैंटिस पार्टी का उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल इकलौती महिला एवं संयुक्त राष्ट्र की पूर्व राजदूत निक्की हेली को पछाड़कर दूसरे स्थान पर रहे।

तीन प्रतिनिधि किसी को आवंटित नहीं किए गए हैं। रिपब्लिकन पार्टी के प्राइमरी चुनाव में कुल 2,429 प्रतिनिधि चुनाव प्रक्रिया में शामिल हैं। पार्टी उम्मीदवार बनने के लिए कम से कम 1,215 प्रतिनिधियों के समर्थन की आवश्यकता होती है। ट्रंप ने जीत के बाद आयोवा में मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘यह बहुत अच्छा होगा यदि हम एक साथ आ सकें और दुनिया की समस्याओं को सुलझा सकें। ऐसा जल्द ही होगा।’’ ट्रंप ने दावेदारी वापस ले चुके रामास्वामी के बारे में कहा, ‘‘उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने शून्य से शुरुआत की और काफी वोट हासिल किए।’’ रामास्वामी ने सोमवार को घोषणा की कि वह आयोवा कॉकस में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 2024 के राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने की दौड़ से हट रहे हैं।

बायोटेक उद्यमी रामास्वामी (38) ने इस दौड़ में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया। इससे पहले उन्होंने ट्रंप को ‘‘21वीं सदी का सबसे अच्छा राष्ट्रपति’’ बताया था। आयोवा कॉकस के लिए मतदाताओं ने हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच मतदान किया। ट्रंप राष्ट्रपति पद के चुनाव में लगातार तीसरी बार रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। आयोवा कॉकस की बैठक स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे शुरू हुई। कॉकस के भागीदार अपने विचार रखने के लिए 1,500 से अधिक स्कूलों, गिरजाघरों और सामुदायिक केंद्रों में एकजुट हुए और उन्होंने गुप्त मतदान किया। हेली ने कहा कि वह राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने की एकमात्र ऐसी दावेदार हैं जो ट्रंप के अलावा मौजूदा राष्ट्रपति जो. बाइडन को टक्कर दे सकती हैं और ‘ट्रंप-बाइडन दुःस्वप्न’ को टाल सकती हैं।

प्रमुख खबरें

पायलटों की नो-एंट्री...मोदी के दोस्त मैक्रों के देश ने पाकिस्तानियों पर ले लिया होश उड़ाने वाला फैसला

Car Wiper Tips: कार के वाइपर कब बदलने चाहिए? इन 4 संकेतों को न करें नजरअंदाज

IDBI Bank में Fairfax को 60.72 फीसदी हिस्सेदारी बिक्री को केंद्र सरकार की मंजूरी

मतगणना का वीडियो ही गायब हो गया...सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को लगाई फटकार, कहा- बेतुके बहाने नहीं सुनेंगे