By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 21, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि ‘‘नए उत्तर प्रदेश’’ में कानून से ऊपर कोई नहीं है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मिली स्वतंत्रता के कारण प्रदेश ‘उपद्रव से उत्सव का प्रदेश’ बन पाया है। योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा कर कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “आज पुलिस स्मृति दिवस पर मैं उन सभी वीर पुलिसकर्मियों को कृतज्ञतापूर्वक नमन करता हूं, जिन्होंने देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। प्रदेश उपद्रव से उत्सव का प्रदेश बना है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता मिली है।’’ उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती, प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि, सात बड़े शहरों में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू करने, प्रत्येक जिले में साइबर थाने और हर थाने में महिला सहायता कक्ष स्थापित करने से पुलिस व्यवस्था अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनी है।
योगी ने कहा कि गैंगस्टर अधिनियम के तहत 88,973 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त करना अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को सदैव स्मरण रखते हुए प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।