उत्तर प्रदेश में Voter List पुनरीक्षण का दूसरा चरण 28-29 नवंबर को, 1.73 लाख केंद्रों पर बैठेंगे BLO

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

उत्तर प्रदेश में विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत आगामी 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा और इस दौरान प्रदेश के करीब 1.73 लाख मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे तथा नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा उसमें संशोधन कराने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने रविवार को बताया कि जो नागरिक 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान में शामिल नहीं हो सके, वे 28 और 29 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं। सूची में नाम नहीं होने पर वे फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं।

रिणवा ने बताया कि रविवार को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 10 बजे से शाम चार बजे तक विशेष अभियान चलाया गया और इस दौरान बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, 7 एवं 8 के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों और अन्य निर्वाचन अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन पत्रों की उपलब्धता तथा पंजीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रिणवा ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में अपना नाम ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से भी जांचा जा सकता है। अधिकारी ने बताया कि नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और मतदाता विवरण में संशोधन या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 भरकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

प्रमुख खबरें

Nvidia Chip की आपूर्ति को लेकर US की जांच शुरू, चीनी एजेंसी के नेटवर्क पर नजर

Bihar में 73 औद्योगिक इकाइयों को मिली 100 एकड़ जमीन, BIADA ने दी मंजूरी

Bihar में 24 नवंबर को Sushasan Divas मनाएगी JDU, नीतीश कुमार के कार्यकाल के 20 साल होंगे पूरे

शाम की बड़ी खबरें: PM Narendra Modi और बालेन्द्र शाह की वार्ता से लेकर CAQM निर्देश तक